झारखंड में आज से तीन दिन ओला-बारिश का ऑरेंज अलर्ट
झारखंड में अगले तीन दिन गरज और तेज हवा के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 20 से 22 फरवरी तक हल्की बारिश की संभावना है, जबकि बादल 23 तक छाए रह सकते हैं। रांची का न्यूनतम तापमान 16.4...

रांची, वरीय संवाददाता। रांची समेत राज्यभर में अगले तीन दिन गरज के साथ ओलावृष्टि और तेज हवा के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 20 से 22 फरवरी तक हल्की बारिश के साथ हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रतिघंटा हो सकती है। राज्य में 23 तक बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में एक से तीन डिग्री तक गिरावट होगी। जबकि, रात के तापमान में बड़े बदलाव नहीं होंगे। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 14 जिलों में 22 फरवरी को ओलावृष्टि के आसार हैं। इनमें 20 और 21 को सरायकेला, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, खूंटी, रांची, रामगढ़ और बोकारो में ओलावृष्टि के साथ तेज हवा के साथ हल्की बारिश होगी। जबकि 22 को पूर्वी और पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला, रांची, खूंटी, सिमडेगा, रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, लोहरदगा में ओलावृष्टि के साथ तूफानी हवा चलेगी। 22 को राज्य के सभी हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।
राज्य में मौसम बदलाव की प्रक्रिया शुरू होने के कारण न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है। बुधवार को रांची का न्यूनतम तापमान 16.4 और अधिकतम दर्ज किया गया। जबकि, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री गुमला का रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, देश के उत्तरी भागों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी बंगाल से लेकर तेलंगाना तक एक निम्न दबाव क्षेत्र बन गया है। इसके प्रभाव से राज्य में हवा के रूख में परिवर्तन आया है। इससे अगले चार दिनों तक झारखंड का मौसम प्रभावित रहेगा और तेज हवा के साथ बारिश होगी।
जिलों का न्यूनतम तापमान (डिग्री में)
गुमला 11.6
गढ़वा 13.0
चतरा 13.6
खूंटी 14.1
मेदिनीनगर 14.5
देवघर 14.9
बोकारो 15.1
रांची 16.4
जमशेदपुर 18.4
पू सिंहभूम 20.6
कोट-
पश्चिमी विक्षोभ के कारण झारखंड के मौसम में बदलाव हो रहा है। राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान गरज और तेज हवा के साथ ओलावृष्टि और कहीं-कहीं वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 20 से 22 तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। राज्य में 23 तक बादल छाए रह सकते हैं।
अभिषेक आनंद, वैज्ञानिक, मौसम विभाग, रांची
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।