मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती पर कांके में विद्यार्थियों ने निकाली प्रभातफेरी
पिठोरिया के मदनपुर स्थित जीएम मॉडर्न पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को मदनपुर मस्जिद टोला में भारत के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम...

कांके, प्रतिनिधि।
पिठोरिया के मदनपुर स्थित जीएम मॉडर्न पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को मदनपुर मस्जिद टोला में भारत के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती पर प्रभातफेरी निकाली। स्कूल के निदेशक हसीब अहमद ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद देश की आजादी से पहले एक स्वतंत्रता सेनानी थे, वह विद्वान और प्रख्यात शिक्षाविद थे। उन्होंने ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन सहित कई संस्थानों की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वहीं 11 नवंबर, 2008 को मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने उनकी जयंती को राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया। मौलाना हिन्दू-मुस्लिम एकता के सबसे पड़े पक्षधर थे। आजाद को 1992 में मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। उन्होंने 1958 में अंतिम सांस ली। उधर, जकरिया उच्च विद्यालय पतराटोली के बच्चों ने स्कूल परिसर से प्रभातफेरी निकालकर पतराटोली, मिल्लत कॉलोनी, चूड़ीटोला होते हुए प्रखंड कार्यालय तक गई। इसके अलावा स्कूल के बच्चों को आठ समूह में बांटकर निबंध और पेंटिंग्स प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें सफल प्रतिभागियों को विद्यालय के संस्थापक हाजी नुरुल्ला, सचिव अब्दुल समद, प्राचार्य फरहत हुसैन ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
