पोषण वाटिका वर्तमान समय की आवश्यकता है। यह बात जिला कृषि पदाधिकारी विकास कुमार ने गुरुवार को पोषण माह के अंतर्गत आंगनबाड़ी सेविकाओं के जागरुकता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कही। इसका आयोजन गेतलसूद स्थित प्रत्यक्षण प्रक्षेत्र में दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र रामकृष्ण मिशन आश्रम के अलावा इफको और जिला समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था। इसका विषय था मानव जीवन में पोषण के महत्व व पोषण वाटिका की स्थापना। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कोरोना काल में पोषण वाटिका स्वस्थ परिवार के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इसी क्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ अजीत कुमार सिंह ने स्वस्थ जीवन में पौष्टिक भोजन के महत्व, डॉ रविंद्र सिंह ने पौष्टिक सब्जियों के चुनाव, डॉ गरिमा मिश्रा ने गृह विज्ञान द्वारा संतुलित भोजन से कुपोषण के निदान पर विस्तार से जानकारी दी। इसी क्रम में देव कुमार ने भोजन में फलों व सब्जियों में देसी किस्मों के उपयोग से उर्वरता के संतुलन पर अपने विचार रखे।
मासिक धर्म और स्वच्छता पर कार्यशाला
रांची। भारतीय जैन संगठन द्वारा गुरुवार को राज्यस्तरीय स्मार्ट गर्ल कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान बेटियों को मासिक धर्म और स्वच्छता के संबंधित प्रशिक्षित किया गया। साथ ही भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया गया। प्रशिक्षण में रायपुर के संजय जी सिंधी ने विस्तार से मासिक धर्म के सभी पहलूओं पर विस्तार से जानकारी दी। अंत में धन्यवाद ज्ञापन कामना जैन ने की। मौके पर आशिकिा, ध्वनि, मुस्कान, दिव्या, हर्षिका सहित अन्य मौजूद थी।