मारवाड़ी कॉलेज में एनएसएस का उन्मुखीकरण कार्यक्रम
रांची में मारवाड़ी कॉलेज की एनएसएस इकाई-2 ने शनिवार को उन्मुखीकरण और नामांकन कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें लगभग 70 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में एनएसएस के उद्देश्यों, लिखित परीक्षा, मानसिक क्षमता परीक्षण और माइंड गेम के माध्यम से विद्यार्थियों का चयन किया गया। प्राचार्य डॉ मनोज कुमार ने सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।

रांची, विशेष संवाददाता। मारवाड़ी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-2 की ओर से शनिवार को उन्मुखीकरण और नामांकन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को एनएसएस की विचारधारा, उद्देश्यों व सामाजिक दायित्वों से अवगत कराना और समाज सेवा के लिए इच्छुक, जागरूक और समर्पित स्वयंसेवकों का चयन करना था। इसमें लगभग 70 विद्यार्थियों ने भाग लिया। एनएसएस नामांकन प्रक्रिया को तीन चरणों में आयोजित किया गया। प्रथम चरण में पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से एनएसएस के उद्देश्य और क्रियाकलाप पर जानकारी दी गई। द्वितीय चरण में विद्यार्थियों की समझ, जागरुकता और सोचने की क्षमता का मूल्यांकन करने के लिए एनएसएस लिखित परीक्षा और मानसिक क्षमता परीक्षण आयोजित किया गया।
तृतीय चरण में माइंड गेम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को टीमों में विभाजित कर सामाजिक सेवा और वास्तविक जीवन की समस्याओं से संबंधित प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता व समस्या-समाधान कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके बाद साक्षात्कार लिया गया। चयनित विद्यार्थियों का अंतिम रूप से एनएसएस में नामांकन किया जाएगा। मौके पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ मनोज कुमार ने विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया। वहीं, एनएसएस इकाई-2 के कार्यक्रम पदाधिकारी अनुभव चक्रवर्ती ने विद्यार्थियों को एनएसएस के माध्यम से समाज सेवा की आगामी यात्रा के लिए प्रेरित किया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


