Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsNew Year Celebration Thousands Flock to Panchghagh Waterfall in Murhu
मुरहू में नववर्ष पर पंचघाघ जलप्रपात में उमड़ा सैलानियों का सैलाब

मुरहू में नववर्ष पर पंचघाघ जलप्रपात में उमड़ा सैलानियों का सैलाब

संक्षेप:

नववर्ष के पहले दिन मुरहू के पंचघाघ जलप्रपात में भारी भीड़ देखने को मिली। रांची, खूंटी और अन्य जगहों से हजारों पर्यटक पहुंचे। सुबह से ही सैलानियों का आगमन जारी रहा, जो दोपहर तक बढ़ गया। लोग पिकनिक मनाते और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते नजर आए। सुरक्षा के लिए प्रशासन सतर्क रहा।

Jan 01, 2026 06:47 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

मुरहू, प्रतिनिधि। नववर्ष के पहले दिन गुरुवार को जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल मुरहू स्थित पंचघाघ जलप्रपात में सैलानियों की भारी भीड़ देखने को मिली। रांची, खूंटी, पश्चिम बंगाल, जमशेदपुर, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो सहित आसपास के कई जिलों व राज्यों से हजारों की संख्या में पर्यटक यहां पहुंचे। अहले सुबह से ही सैलानियों का आगमन शुरू हो गया था, जो दोपहर तक चरम पर पहुंच गया। पूरा जलप्रपात परिसर पर्यटकों से खचाखच भरा रहा। प्रकृति की गोद में बसे पंचघाघ जलप्रपात की सुंदरता ने नववर्ष के उल्लास को और खास बना दिया। पांच धाराओं के संगम से गिरता जल, कलकल बहती बिती नदी, बलुई तट और चारों ओर फैले जंगल पर्यटकों को आकर्षित करते नजर आए।

लोग परिवार और मित्रों के साथ पिकनिक मनाते, तस्वीरें खिंचवाते और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते दिखे। परिसर किसी सुव्यवस्थित पार्क जैसा प्रतीत हो रहा था। कैम्प्टी फॉल, चिल्ड्रेन पार्क और एडवेंचर पार्क में बच्चों से लेकर बड़े तक मनोरंजन में जुटे रहे। पार्किंग स्थल में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। नागपुरी एवं हिंदी फिल्मी गीतों पर युवा थिरकते दिखे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क रहा। खतरनाक स्थलों पर पर्यटन मित्र तैनात किए गए थे। थाना प्रभारी नॉवल गॉडविन केरकेट्टा पुलिस बल के साथ परिसर में मुस्तैद रहे। पुलिस की मौजूदगी से पर्यटकों ने खुद को सुरक्षित महसूस किया। मुरहू बाजार में भी नववर्ष को लेकर खासा उत्साह देखा गया।