तोरपा में नववर्ष के पहले दिन पेरवाघाघ एवं पांडु पुंडिंग में उमड़े सैलानी
नए साल 2026 का पहला दिन लोगों ने प्रकृति के खूबसूरत स्थलों पर मनाया। पेरवाघाघ, पांडु पुडिंग, और अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। लोग पिकनिक मनाते हुए मस्ती कर रहे थे, जबकि मंदिरों और गिरजाघरों में प्रार्थना करने वालों की भीड़ देखी गई। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
तोरपा प्रतिनिधि। नया साल 2026 का पहला दिन लोगों ने प्रकृति की हसीन वादियों में बिताया। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पेरवांघाघ, पांडु पुडिंग, सातधारा,चंचलाघाघ नववर्ष के पहले दिन पर्यटकों से गुलजार रहा। यहां की खूबसूरत वादियों में नववर्ष के मौके पर पिकनिक का मजा लेने के लिए सैलानियों की भीड उमडी। पिकनिक मनाने पहुंचे लोग मस्ती में झूम नाच रहे थे। हर ओर उत्साह का माहौल था। पेरवाघाघ व पांडु पुडिंग में सुबह से ही लोगों का आना शुरू हो गया था। रांची, हजारीबाग, जमशेदपुर, सिमडेगा, गुमला, पश्चिम सिंहभूम, खूंटी समेत दूर दराज से लोग यहां पहुंचे थे। बंगाल व ओडिसा से भी काफी संख्या में पर्यटक आये थे।
आसपास के लोग परिवार व दोस्तों के साथ टोलियों में पहुंचे थे। अनुपम सौंदर्य देख आनंदित हो रहे थे सैलानी- पेरवाघाघ व पांडु पुडिंग की प्राकृतिक छटा देखते बन रहा था। चारों ओर पहाडियों और हरे भरे जंगलों के बीच उंची पहाडी से गिरते जलप्रपात को देख लोग आनंदित हो रहे थे। दूर दूर तक नदी के बीच फैले चटानों में अपने अपने टोलियों के साथ बैठकर लोग चिकन मटन खाते हुए पिकनिक का मजा ले रहे थे। बोटिंग का भी लोगों ने खूब आनंद उठाया। युवाओं की टोली फिल्मी व नागपुरी गीतों पर नाच गा कर मस्ती कर रहे थे। कलकल बहती स्वच्छ जलधारा में लोग स्नान कर तरोताजा हो रहे थे। झरने के नजदीक व नदी के समीप लोग सेल्फी ले रहे थे। यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। पुलिस बल के जवान जंगलों व सडकों पर भी तैनात थे। पर्यटन मित्र दिनभर सक्रिय रहकर सैलानियों की मदद कर रहे थे। इधर पेरवाघाघ के अलावा सातधारा,चंचलाघाघ,कारो छाता नदी संगम तट पर भी पिकनिक मनाने वालों की दिनभर भीड लगी रही। नए साल का पहला दिन की शुरूआत ज्यादातर लोगों ने ईश्वर की प्रार्थना के साथ की। गुरुवार की सुबह से ही मंदिर एवं गिरजाघरों में लोगों का आना-जाना शुरू हो गया था। प्रसिद्ध आम्रेश्वर धाम, नागेश्वर धाम, नकटी देवी मंदिर, मेन रोड स्थित महावीर मंदिर, जगन्नाथ मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड लगी थी। वहीं गिरजाघरों में आयोजित प्रार्थना सभा में बडी संख्या में लोग शामिल हुए। नए वर्ष के पहले दिन तोरपा प्रखंड में सुबह से शाम तक सैलानियों की चहल पहल देखी गई। बाजार में भी भीड़भाड़ रही। डीजे के धुन पर पिकनिक स्पॉट में लोग थिरकते रहे एवं स्वादिष्ट भोजन का लुफ्त उठाकर साल की शुरुआत की। इधर, पिकनिक स्पॉट में पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के चाक चौबंद व्यवस्था भी किया गया था। पर्यटन मित्र भी सैलानियों के सुविधा का ख्याल रख रहे थे। बीती रात जैसे ही घडी की सूई ने बारह बजने का संकेत दिया, वैसे ही पूरा क्षेत्र पटाखों व फूलझडियों से साराबोर हो गया। रात से ही लोग एक-दूसरे को नये साल का बधाई देने लगे। नववर्ष का विशेषकर युवाओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। पूरे दिन लोग एक दूसरे को नए वर्ष की बधाईयां देते दिखे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




