पर्यटन : इको टूरिज्म का काम शुरू होगा, देवघर में बनेगा फूड क्राफ्ट
पर्यटन विभाग की ओर से नए साल 2021 में मुख्य रूप से दो बड़ी योजनाओं पर काम होगा। राज्य में इको टूरिज्म सर्किट के तहत चार जिलों के छह पर्यटन केंद्रों को विकसित किया जाएगा। वहीं देवघर में फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट की आधारभूत संरचना के निर्माण का काम होगा। इको टूरिज्म के तहत लातेहार के नेतरहाट, बेतला, मिरचईया फॉल, रांची का गेतलसूद डैम, पूर्वी सिंहभूम का चांडिल डैम और सरायकेला जिला के दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी को विकसित किया जाएगा। इन पर्यटन केंद्रों में 52 करोड़ की लागत से सौंदर्यीकरण, फूड कोर्ट निर्माण, पार्क, रिसॉट और बच्चों के मनोरंजन की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। दो दिन पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस कार्य का शिलान्यास किया था। पूरे सर्किट में 430 किलोमीटर की दूरी को जोड़ने का प्रयास है। दो साल में इस काम को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा देवघर में फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट का काम होगा। विभाग की ओर से इसकी आधारभूत संरचना पूरा होने के बाद यहां होटल प्रबंधन से संबंधित डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स कराए जाएंगे।
खेल : ग्रामीण स्तर पर खेलों को मिलेगा बढ़ावा
नए साल में ग्रामीण स्तर तक खेल आयोजनों को सुगम बनाने का काम होगा। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से प्रखंड स्तर तक कराई जीनेवाली प्रतियोगिताओं में ज्यादा से ज्यादा बच्चों की भागीदारी हो, इसका प्रयास किया जाएगा। 2020 में पहली बार सभी जिलों में जिला खेल पधाधिकारी की नियुक्ति के बाद ग्रामीण खेल को विकसित करना खेल विभाग की प्राथमिकता है। पहले जिला खेल पदाधिकारी के नहीं होने के कारण कई प्रतियोगिताओं में सिर्फ चयन ट्रायल के माध्यम से जिलास्तर और राज्य स्तर की प्रतियोगिताएं करा दी जाती थीं। एसजीएफआई खेलों के पारदर्शी आयोजन आदि होंगे। इसके अलावा नई खेल नीति बनने के बाद नए साल में मेगा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में खेल विश्वविद्यालय निर्माण की दिशा में पहल होगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री कई बार बोल चुके हैं।