Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsNew Stalls Construction at Panchghagh by Kolomda Village Members Boosts Local Employment
पंचघाघ में दो दर्जन स्टॉलों का निर्माण पूरा, ग्रामसभा ने किया श्रमदान, जल्द होगा आवटन

पंचघाघ में दो दर्जन स्टॉलों का निर्माण पूरा, ग्रामसभा ने किया श्रमदान, जल्द होगा आवटन

संक्षेप:

मुरहू के पंचघाघ में कोलोम्दा ग्रामसभा ने सामूहिक श्रमदान से नए स्टॉलों का निर्माण किया। ये स्टॉल स्थानीय ग्रामीणों के लिए रोजगार और आयवृद्धि का अवसर प्रदान करेंगे। ग्रामसभा ने नशामुक्ति अभियान के तहत ग्रामीणों को वैकल्पिक आजीविका पर जोर दिया है। स्टॉलों का आवंटन 'पहले आओ–पहले पाओ' के आधार पर किया जाएगा।

Tue, 2 Dec 2025 09:43 PMNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

मुरहू, प्रतिनिधि। राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल पंचघाघ में मंगलवार को कोलोम्दा ग्रामसभा के सदस्यों ने सामूहिक श्रमदान कर दो दर्जन नए स्टॉलों के निर्माण कार्य को पूरा कर दिया। पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए बनाए गए ये स्टॉल स्थानीय ग्रामीणों के लिए रोजगार और आयवृद्धि का नया अवसर प्रदान करेंगे। ग्रामसभा ने बताया कि आने वाले दिनों में इन स्टॉलों का आवंटन गांव के लोगों के साथ अन्य इच्छुक व्यक्तियों को भी कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि कोलोम्दा गांव में पिछले एक वर्ष से नशामुक्ति अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत ग्रामसभा द्वारा ग्रामीणों को वैकल्पिक आजीविका उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि लोग नशे के कारोबार से दूर रहें और स्वावलंबी बन सकें।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इसी उद्देश्य से गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी नए स्टॉलों का निर्माण करवाया गया है, ताकि अधिक से अधिक परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सके। ग्रामप्रधान अर्जुन मुंडा ने बताया कि स्टॉलों का आवंटन ‘पहले आओ–पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा। आवंटन के दौरान कोलोम्दा गांव के निवासियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार का मौका मिल सके। उन्होंने कहा कि पंचघाघ झरना क्षेत्र में बढ़ते पर्यटन को देखते हुए स्टॉलों की संख्या बढ़ाना समय की आवश्यकता थी, और ग्रामसभा ने इसे पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा किया है। ग्रामप्रधान ने यह भी बताया कि इस वर्ष चिल्ड्रेन पार्क और एडवेंचर पार्क का संचालन भी ग्रामसभा द्वारा करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए आवश्यक आवेदन जिला प्रशासन को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से पर्यटन स्थल को और अधिक आकर्षक और समृद्ध बनाया जाएगा। पार्क के संचालन से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और पर्यटन गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। इसके अलावा, पंचघाघ में पार्किंग प्रबंधन, वाटर ट्यूब उपलब्ध कराना, देसी बोटिंग की सुविधा, बोरीबांध निर्माण कर जल संचयन जैसे कई कार्य ग्रामसभा द्वारा लागू किए जाएंगे। इन प्रयासों से पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। श्रमदान में ग्रामप्रधान अर्जुन मुंडा, दुर्गा भेंगरा, देवेंद्र सिंह, विश्वनाथ सिंह, पौलुस बोदरा, मानसिद्ध ढोढ़राय, संजय ढोढ़राय, सामुएल भेंगरा, नियारण बोदरा, जीतनाथ सिंह, राजकुमार सिंह सहित कई ग्रामीण शामिल थे।