रिम्स में कैंसर मरीजों के लिए 16 बेड का अत्याधुनिक आईसीयू शुरू
रांची के रिम्स में कैंसर मरीजों के लिए 16 बेड वाला अत्याधुनिक आईसीयू का उद्घाटन किया गया। यह सुविधा गंभीर मरीजों को उच्चस्तरीय निगरानी और बेहतर इलाज प्रदान करेगी, जिससे उनकी जान बचाने की संभावनाएं बढ़ जाएंगी। इस आईसीयू में आधुनिक चिकित्सा उपकरण और कुशल स्टाफ उपलब्ध हैं।

रांची, वरीय संवाददाता। रिम्स के आंकोलॉजी भवन में कैंसर मरीजों को बेहतर और त्वरित इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त 16 बेड वाले आईसीयू का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस नई सुविधा के शुरू होने से गंभीर अवस्था में आने वाले कैंसर मरीजों को अब उच्चस्तरीय और विशेषज्ञ निगरानी में इलाज मिलेगा। इससे उनकी जान बचाने की संभावनाएं काफी बढ़ जाएंगी। अब तक गंभीर मरीजों को सीमित संसाधनों में इलाज कराना पड़ता था। लेकिन, इस आईसीयू के शुरू होने से इलाज की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा। इस आईसीयू को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, उन्नत लाइफ सपोर्ट सिस्टम और अत्याधुनिक मॉनिटरिंग तकनीकों से लैस किया गया है, जिससे मरीजों की 24 घंटे निगरानी संभव हो सकेगी।
यहां वेंटिलेटर, मल्टी-पैरामीटर मॉनिटर, इन्फ्यूजन पंप और अन्य जरूरी उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। यह इंटेंसिव केयर यूनिट एनेस्थीसिया, पेन पैलिएटिव और क्रिटिकल केयर विभाग द्वारा संचालित होगा, जहां प्रशिक्षित डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम लगातार मरीजों की देखभाल करेगी। उद्घाटन समारोह के दौरान रिम्स निदेशक डॉ राजकुमार ने कहा कि यह पहल संस्थान की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


