
शैक्षणिक और शोध सहयोग के लिए लॉ यूनिवर्सिटी का करार
नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (एनएफएसयू), दिल्ली और एनयूएसआरएल, रांची ने एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता शैक्षणिक और शोध सहयोग को बढ़ावा देगा, जिसमें फोरेंसिक...
रांची, विशेष संवाददाता। नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (एनएफएसयू), दिल्ली और नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्ट्डी एंड रिसर्च इन लॉ,( एनयूएसआरएल), रांची ने एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक और शोध सहयोग को एक नई गति प्रदान करेगा। दिल्ली में एनएफएसयू के कैंपस में एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया। इस समझौते पर एनएफएसयू, दिल्ली परिसर की निदेशक प्रो पूर्वी पोखरियाल और एनयूएसआरएल रांची के कुलपति प्रो अशोक आर पाटिल ने हस्ताक्षर किए। इस एमओयू के तहत संकाय और छात्र विनिमय कार्यक्रम को बढ़ावा देना, संयुक्त शोध परियोजनाओं, विशेष रूप से फोरेंसिक विज्ञान, साइबर कानून और डिजिटल अपराध के नियंत्रण जैसे विषय प्रमुख होंगे।

इसके साथ ही दोनों ही संस्थान मिलकर संयुक्त रूप से सम्मेलन, कार्यशालाएं और संगोष्ठी आयोजित करेंगे, जिसमें जागरुकता, ज्ञान और विचारों के आदान- प्रदान पर जोर दिया जाएगा। शैक्षणिक संसाधनों और विशेषज्ञता का भी आदान-प्रदान होगा। एनएफएसयू, दिल्ली भारत सरकार का पहला और एकमात्र विश्वविद्यालय है जो फोरेंसिक और संबद्ध विज्ञान, साइबर सुरक्षा, कानून, प्रौद्योगिकी और प्रबंधन शिक्षा पर केंद्रित है। इस एमओयू के बाद एनयूएसआरएल, रांची के विद्यार्थियों को शोध और खासकर फॉरेंसिक साइंस के क्षेत्र को और बेहतर ढंग से समझने, राज्य की इस खास क्षेत्र की समस्या से संबधित हल तलाश करने में आसानी होगी। एनयूएसआरएल, रांची के कुलपति प्रो अशोक आर पाटिल ने कहा कि डिजिटल युग में कानूनी शिक्षा को तकनीक और विज्ञान के साथ एकीकृत करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एनएफएसयू के साथ यह समझौता हमारे विद्यार्थियों को फोरेंसिक विज्ञान की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करेगा, जो भविष्य के कानूनी पेशेवरों के लिए एक महत्वपूर्ण कौशल है। यह साझेदारी दोनों संस्थानों की शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने और रोजगार पाने के लिए जरूरी शिक्षा प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




