बच्चे को आधी और बड़ों को खिलाएंगे एल्बेंडाजोल की पूरी गोली

बच्चे को आधी और बड़ों को खिलाएंगे एल्बेंडाजोल की पूरी गोली

संक्षेप:

रांची में मंगलवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की शुरुआत संत अन्ना बालिका उच्च विद्यालय से हुई। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों के पेट के कीड़े खत्म करना और उनकी सेहत में सुधार लाना है। 19 सितंबर तक...

Sep 16, 2025 08:14 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share

रांची, संवाददाता। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की शुरुआत मंगलवार को संत अन्ना बालिका उच्च विद्यालय से की गई। सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कक्षा 10 की छात्रा साक्षी तिर्की को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डॉ. प्रभात ने बताया कि इस अभियान का मकसद बच्चों के पेट के कीड़े खत्म करना, खून की कमी एनीमिया रोकना और बच्चों की सेहत में सुधार करना है। उन्होंने कहा कि पेट के कीड़े बच्चों की पढ़ाई, वजन और विकास पर असर डालते हैं। दवा खिलाने से बच्चों की सेहत बेहतर होती है। खून की कमी दूर होती है और शरीर मजबूत बनता है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

अभियान के तहत 19 सितंबर तक जिले के 1 से 19 साल तक के लगभग 8.61 लाख बच्चों और किशोरों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। छोटे बच्चों को आधी गोली और बड़े बच्चों को पूरी गोली पानी के साथ दी जाएगी। जो बच्चे स्कूल नहीं जाते, उन्हें नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र पर दवा दी जाएगी। डॉक्टर ने कहा कि यह दवा खाली पेट में नहीं खिलाएं और बीमार या बुखार वाले बच्चों को दवा न दें। मौके पर स्कूल की प्रधानाध्यापिका सिस्टर सेलिना बाड़ा, शिक्षिका गीता संतोष, डॉ. आरपी बरनवाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, समन्वयक प्रीति चौधरी और स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी मौजूद रहे।