Ranchi News: युवक की गोली मारकर हत्या, तीन युवकों पर प्राथमिकी
Ranchi News: बेडो थाना क्षेत्र के घाघरा पंचायत में 25 वर्षीय युवक रविंद्र मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के भाई के बयान पर तीन युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का अग्र भाग बरामद किया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

Ranchi News: बेड़ो, प्रतिनिधि। बेड़ो थाना क्षेत्र के घाघरा पंचायत स्थित मधुपुर अखरा के समीप बुधवार रात 25 वर्षीय युवक रविंद्र मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान घाघरा पंचायत के बरटोली गांव निवासी रविंद्र मुंडा, पिता सुरेंद्र मुंडा के रूप में हुई है। इस मामले में मृतक के भाई रवि मुंडा के बयान पर बेड़ो थाना में तीन युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में घाघरा सुवार टोली निवासी विकास मुंडा, घाघरा मधुपुर निवासी विकास महतो और विजय मुंडा को आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी के अनुसार, बुधवार रात करीब आठ बजे रविंद्र घर पर स्वजनों के साथ बैठा था। इसी दौरान तीनों आरोपी वहां पहुंचे और उसे बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए। सभी ने साथ में खाना-पीना भी किया। देर रात तक रविंद्र के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चला.
सुबह अखरा के पास मिला शव, गोली का एक अग्र भाग बरामद
गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने मधुपुर गांव स्थित अखरा के पास रविंद्र का लहूलुहान शव पड़ा देखा। इसकी सूचना ग्रामीणों ने स्वजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलने पर ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, डीएसपी दीपक कुमार, थाना प्रभारी कफील अहमद, एसआई उत्तम पासवान, अनिल टोप्पो समेत अन्य पुलिस अधिकारी एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का एक अग्र भाग बरामद किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया गया। घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आपसी रंजिश में हत्या की आशंका : पुलिस
थाना प्रभारी कफील अहमद ने बताया कि प्रथम दृष्टा मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


