पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड में छह गिरफ्तार, जमीन विवाद बना हत्या की वजह

Jan 28, 2026 07:56 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

खूंटी थाना क्षेत्र में जमुआदाग तालाब के पास हुई सोमा मुंडा की हत्या का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। हत्या का मुख्य कारण जमीन विवाद और ग्रामसभा की सक्रियता थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी दानियल संगा सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। सोमा मुंडा की हत्या के लिए दानियल ने अपने भतीजों को सुपारी दी थी।

पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड में छह गिरफ्तार, जमीन विवाद बना हत्या की वजह

खूंटी, संवाददाता। खूंटी थाना क्षेत्र के जमुआदाग तालाब के पास हुए एदेल सांगा पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा लिया। एसपी मनीष टोप्पो ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि इस हत्याकांड का मुख्य कारण जमीन विवाद और ग्रामसभा की सक्रियता से जमीन कारोबारियों की नाराजगी थी। तोरपा एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने मुख्य साजिशकर्ता दानियल संगा सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दानियल संगा, मार्कुस संगा, सुमित दगल सांड, संतोष दगल सांड (सभी मुंडा चलागी निवासी), रोशन मिचयाड़ी (बिरहू) और संदीप खलखो (कपरिया) शामिल हैं। एसपी के अनुसार, मुख्य साजिशकर्ता दानियल संगा का सोमा मुंडा के साथ पिछले 10–12 वर्षों से मुंडा चलागी स्थित 14 डिसमिल जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।

इसके अलावा, सोमा मुंडा क्षेत्र में सीएनटी और मझियास जमीन की अवैध खरीद-बिक्री के सख्त खिलाफ थे। हाल ही में जियारप्पा की 32 एकड़ जमीन की बिक्री में ग्रामसभा के विरोध और सोमा मुंडा के कड़े रुख से जमीन कारोबारी आक्रोशित थे। इधर, दानियल संगा ने अपने भतीजे सुमित और मारकुस को हत्या के लिए तैयार किया। मारकुस को 50 हजार रुपये की सुपारी दी गई थी। दानियल ने ही हथियार, गोली और फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक उपलब्ध कराई थी। आरोपी के पास से हथियार, वाहन और मोबाइल बरामद सात जनवरी 2026 को सोमा मुंडा जब पत्नी के साथ खूंटी से लौट रहे थे, तब आरोपियों ने रेकी कर जमुआदाग तालाब के पास उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद हथियार और वाहन को छिपाने में अन्य सहयोगियों ने मदद की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल, चार गोली, फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक, एक टाटा टियागो कार, रेकी में प्रयुक्त बाइक, सात मोबाइल और कपड़े बरामद किए हैं। हत्याकांड के आरोपियों को पुलिस ने पैदल कराया शहर मार्च सोमा हत्याकांड में शूटर सहित छह आरोपियों को खूंटी पुलिस ने बुधवार को खूंटी थाना से पैदल शहर के प्रमुख चौक-चौराहों तक घुमाया। इस दौरान गिरफ्तार अपराधियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पैदल मार्च कराया गया। अपराधियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी मुख्य सड़क पर रुके और सोमा के हत्यारों को देखा। ग्रामसभा की सक्रियता बनी बड़ी वजह : नवंबर-दिसंबर 2025 में ग्राम जियारप्पा की 30-32 एकड़ जमीन की बिक्री का प्रयास जमीन कारोबारियों द्वारा किया जा रहा था, लेकिन ग्रामसभा के विरोध के कारण सौदा आगे नहीं बढ़ सका। जमीन पर लगाए गए शिलापट्ट को हटाने और पुनः लगाने के निर्णय से जमीन कारोबारी और उनके सहयोगी आक्रोशित हो गए। इसी दौरान पड़हा समाज की बैठक में सोमा मुंडा द्वारा ग्रामसभा के समर्थन में लिए गए फैसलों ने साजिश को और मजबूत कर दिया। शूटरों को 50 हजार रुपये में दी गई थी सुपारी पुलिस जांच में सामने आया है कि दानियल संगा ने अपने भतीजे सुमित दगल सांड और मारकुस संगा को हत्या के लिए तैयार किया। मारकुस संगा को 50 हजार रुपये देने की बात तय हुई, जिसमें 25 हजार रुपये दानियल संगा और 25 हजार रुपये जमीन कारोबारियों की ओर से देने का आश्वासन दिया गया था।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;