हरमू के सुपारी किलर ने शूटर से कराई थी भाजपा नेता की हत्या

हिन्दुस्तान, रांची
Follow us on Google News
share

भाजपा नेता अनिल महतो उर्फ अनिल टाइगर हत्याकांड में रांची पुलिस ने सुपारी किलर अभिषेक सिन्हा उर्फ सूरज सिन्हा को कोलकाता से गिरफ्तार किया। उसे पांच लाख रुपए की सुपारी मिली थी। जमीन विवाद के चलते इस हत्या की योजना बनाई गई थी। अभिषेक ने अन्य हत्या के प्रयास के बारे में भी बताया है।

हरमू के सुपारी किलर ने शूटर से कराई थी भाजपा नेता की हत्या

रांची, प्रमुख संवाददाता। भाजपा नेता अनिल महतो उर्फ अनिल टाइगर हत्याकांड में रांची पुलिस ने सुपारी किलर अभिषेक सिन्हा उर्फ सूरज सिन्हा को कोलकाता से गिरफ्तार किया। हरमू रोड निवासी अपराधी को हत्या के लिए पांच लाख रुपए की सुपारी मिली थी। जमीन विवाद में बिल्डर देवब्रत नाथ शाहदेव ने घटना को अंजाम दिलवाया था। अभिषेक ने पुलिस की पूछताछ में यह खुलासा किया है। उसने इस बीच पुलिस के सामने एक अन्य वारदात का भी जिक्र किया। बताया कि दलादली ओपी क्षेत्र में सांभवी इंटरप्राइजेज के मालिक राधेश्याम साहू की हत्या के लिए किसी दूसरे शख्स ने 20 लाख की सुपारी दी गई थी। हालांकि गोली लगने से कारोबारी घायल हो गया था। इसमें दो शूटर पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।

हत्या की योजना

ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने शनिवार को बताया कि कांके थाना के पास 15 माह पहले बाइक सवार अपराधियों ने अनिल की गोली मारकर हत्या की थी। इसमें दो शूटरों चंदन व एक अन्य को जेल भेजा गया। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि देवब्रत से मिले 5 लाख की सुपारी में से कुछ पैसे इन दोनों आरोपियों को दिए गए थे। इसके बाद 26 मार्च 2025 को अनिल की हत्या कर दी थी। ग्रामीण एसपी ने कहा, स्पीडी ट्रायल से अपराधी को सजा दिलायी जाएगी। उसे रिमांड पर लेकर पुलिस पूछताछ करेगी।

अभिषेक का स्थान

देवब्रत के घर के पास रहता है अपराधी अभिषेक

गोस्वामी ने बताया कि कांके थाना क्षेत्र के चामगुरु मौजा में देवव्रत की 10 एकड़ पुश्तैनी जमीन है। उसे लेकर स्थानीय जोतकारों के साथ देवब्रत का विवाद था। इसमें जोतकारों का पक्ष अनिल ही देवव्रत के पास रख रहे थे। कब्जा नहीं होने से देवब्रत जमीन बेच नहीं पा रहा था। ऐसे में उसने अनिल को रास्ते से हटाने का निर्णय लिया। उसने किशोरगंज में अपने घर के पास रहने वाले अभिषेक को पांच लाख की सुपारी दी।

लालच और साजिश

जमीन बिकने पर पैसे देने का दिया था लालच

पांच लाख की सुपारी में से कुछ पैसे बैंक ट्रांजेक्शन के जरिये उसके खाते में डाले गए थे। देवव्रत ने अभिषेक को यह भी लालच दिया कि जमीन बिकने पर उसे भी पैसे दिए जाएंगे। देवव्रत ने अपराधी को मोबाइल, सिम भी उपलब्ध कराए थे। अनिल की हत्या की साजिश रांची एवं कोलकाता में रची गई थी।

अभिषेक की पहचान

नाम बदलकर कोलकाता में रह रहा था

वारदात के बाद अभिषेक कोलकाता में छिप गया था। वहां राजीव कुमार के नाम से रह रहा था। ग्रामीण एसपी ने बताया कि सारी जानकारी जुटाने के बाद उसे दबोचा गया। अभिषेक मोबाइल नहीं रखता था। बातचीत करने के लिए दूसरे का मोबाइल इस्तेमाल करता था। वह संघी ऐप के जरिये सुपारी लेता था। उसने बोकारो में 22 साल की उम्र में पहली हत्या की थी। आर्म्स एक्ट और हत्या के कई मामले विभिन्न जगहों में दर्ज है।

अन्य घटनाएँ

अक्तूबर में छड़ कारोबारी को अपराधियों ने मारी थी गोली

कटहल मोड़ के पास सांभवी इंटरप्राइजेज के मालिक राधेश्याम साहू को 15 अक्तूबर को अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया था। इस वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी भाग गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने दो शूटरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। घटना कराने वाला अभिषेक सिन्हा फरार था। लेकिन वह कोलकाता से पकड़ा गया। पूछताछ में उसने 20 लाख की सुपारी मिलने की बात कही। उसने सुपारी देने वालों के बारे में पुलिस को बताया है। पुलिस अन्य आरोपियों को तलाश रही है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

अनिल महतो की हत्या कब हुई थी?
अनिल महतो की हत्या 26 मार्च 2025 को हुई थी।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।