
नशा समाज को बना रहा कमजोर, टूट रहे पारिवारिक रिश्ते : सांसद
संक्षेप: अड़की प्रखंड के बारीगड़ा गांव में सांसद कालीचरण मुंडा ने ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने सड़क, बिजली और पेयजल की मूलभूत समस्याएं उठाईं। सांसद ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया और किसानों को वैकल्पिक खेती के लिए प्रेरित किया।
अड़की, प्रतिनिधि। अड़की प्रखंड के बारीगड़ा गांव में गुरुवार को सांसद कालीचरण मुंडा का आगमन हुआ, जहां उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष क्षेत्र की सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याएं रखीं। सांसद ने सभी समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। सभा के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि डीजे बाजार से सिरूम-सेरेंगडीह तक सात किलोमीटर सड़क, एयोरडीह और सारजोमडीह से कांची नदी तक उतरने के रास्ते, तथा बुरूबेड़ा से कसमारडीह भाया बुरूटोला तक चार किलोमीटर लंबी सड़क अब तक नहीं बन पाई है। ग्रामीणों ने मांग की कि इन मार्गों का निर्माण जल्द कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

इसके अलावा उन्होंने बताया कि ससंग, बुरूबेड़ा, बुरूटोला, कसमारडीह और चापूदडीह गांवों में अब तक बिजली की सुविधा नहीं पहुंची है। वहीं बुरूबेड़ा, बुरूडीह और कसमारडीह में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। बरसात के दिनों में सड़कों की हालत इतनी खराब हो जाती है कि ग्रामीणों को चप्पल हाथ में लेकर चलना पड़ता है। पंचायत की मुखिया जयंती देवी ने कहा कि सड़कों की मरम्मती की दिशा में प्रशासन को शीघ्र कदम उठाने चाहिए। सांसद कालीचरण मुंडा ने ग्रामीणों की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और कहा कि पंचायतों की अधिकतर सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए बाले बांदा योजना के तहत कार्य जारी है, जिससे किसानों की खेती सुचारू रूप से चल सके। उन्होंने ग्रामीणों से नशा त्यागने की अपील करते हुए कहा कि नशा समाज को कमजोर बना रहा है और पारिवारिक रिश्तों को तोड़ रहा है। आय बढ़ाने के लिए लेमनग्रास की खेती करें किसान : कालीचरण मुंडा किसानों को संबोधित करते हुए सांसद ने साग-सब्जी के साथ लाह उत्पादन के लिए सेमियालता पौधे लगाने, तथा लेमनग्रास और पामारोजा की खेती को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक खेती ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाएगी और आय के नए स्रोत खोलेगी। सांसद के आगमन पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक नृत्य के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर मो. नईमुद्दीन खां, अमित कुमार, देसाई मुंडा, बुधराम बोदरा, अमित लाला, बिरसा पाहन, मोसो मुंडा, महादेव मुंडा, गंगाराम मुंडा, लोहर सिंह पाहन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




