
गुरु गोष्ठी में शैक्षिक गुणवत्ता सुधार को लेकर डीएसई ने दिए निर्देश
मुरहू प्रखंड में मासिक गुरु गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षण व्यवस्था और आधारभूत संरचना को मजबूत करने पर चर्चा हुई। डीएसई ने छात्रों की शिक्षा पर ध्यान देने, छात्रवृत्ति वितरण में शत-प्रतिशत लक्ष्य और विद्यालयों की जिम्मेदारियों पर जोर दिया। सभी शिक्षकों ने शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने का संकल्प लिया।
मुरहू, प्रतिनिधि। मुरहू प्रखंड अंतर्गत मासिक गुरु गोष्ठी का आयोजन गुरुवार को लन उवि सभागार में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीएसई) अभय कुमार शील शामिल हुए। गोष्ठी में प्रखंड के सभी संकुलाधीन विद्यालयों की शैक्षिक स्थिति, शिक्षण व्यवस्था और आधारभूत संरचना को मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान डीएसई ने शिक्षकों और सीआरपी के साथ परिचय सत्र किया तथा प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं और चल रही गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यालय परिसरों में चाहरदीवारी, शौचालय, वर्ग कक्ष, पोषण वाटिका और मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) संचालन की स्थिति की समीक्षा की।

डीएसई ने निर्देश दिया कि एमडीएम प्रतिदिन निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को उपलब्ध कराया जाए और इसकी नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए। गोष्ठी में डीएसई ने बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि पढ़ाई से जुड़े सभी मानकों पर विद्यालय गंभीरता से कार्य करें, ताकि बच्चों की सीखने की क्षमता लगातार बेहतर हो। इसके साथ ही सभी विद्यालयों से छात्र संख्या की अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया। जहां एकल शिक्षक की स्थिति है, उसकी जानकारी भी तत्काल देने का निर्देश दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि एकल शिक्षक वाले विद्यालयों की समस्या को जल्द दूर किया जाएगा, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो। छात्रवृत्ति व दस्तावेजीकरण पर जोर: बैठक में छात्रवृत्ति वितरण कार्य की भी समीक्षा की गई। डीएसई ने स्पष्ट कहा कि छात्रवृत्ति का वितरण शत-प्रतिशत लक्ष्य के अनुरूप पूरा किया जाए और कोई भी योग्य छात्र इससे वंचित न रहे। साथ ही विद्यालयों में सभी रजिस्टर, दस्तावेज और शिक्षण सामग्री व्यवस्थित रखने पर विशेष बल दिया गया। डीएसई ने कहा कि प्रशासन बच्चों के हित में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने को प्रतिबद्ध है, लेकिन विद्यालयों को भी अपनी जिम्मेदारी तत्परता से निभानी होगी। शिक्षकों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लिया संकल्प: इस मासिक गुरु गोष्ठी में बीईईओ धीरेन्द्र कुमार, बीआरपी, सीआरपी एवं प्रखंड के सभी शिक्षक उपस्थित थे। सभी ने मिलकर शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने तथा विद्यालय संचालन को सुचारू रूप से संचालित करने का संकल्प लिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




