ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीझारखंड में मानसून के और जोर पकड़ने के आसार

झारखंड में मानसून के और जोर पकड़ने के आसार

रांची, वरीय संवाददाता। झारखंड में मानसून और जोर पकड़ सकता है। इससे राज्य के...

झारखंड में मानसून के और जोर पकड़ने के आसार
हिन्दुस्तान टीम,रांचीWed, 10 Aug 2022 10:20 PM
ऐप पर पढ़ें

रांची, वरीय संवाददाता। झारखंड में मानसून और जोर पकड़ सकता है। इससे राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश होने की संभावना है। मौजूदा निम्न दबाव क्षेत्र के कमजोर होने से गुरुवार को बारिश की रफ्तार में मामूली कमी आ सकती है। लेकिन खाड़ी में नए सिस्टम के कारण शुक्रवार से पूरे राज्य में मानसून और गहराएगा। 14 अगस्त तक प्रदेश के हर हिस्से में बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है। इससे सुस्त पड़े खेती कार्यों में तेजी आएगी और खरीफ फसलों के रोपा कार्य में तेजी आएगी।

खाड़ी में बनी अनुकूल स्थिति

मौसम विभाग के अनुसार इस सीजन में पहली बार बंगाल की खाड़ी में मानसून के अनुकूल स्थिति बन रही है। उत्तरी खाड़ी में वर्तमान में गहरे निम्न दबाव क्षेत्र बनने के बाद वह कमजोर हो रहा है। इससे यह बारिश हो रही है। लेकिन इसके कमजोर होने की प्रक्रिया शुरू होते ही खाड़ी में फिर एक नया सिस्टम बन रहा है। खाड़ी के उत्तरी हिस्से में बन रहे इस सिस्टम के भी अति गहरे निम्न दबाव क्षेत्र (डिप्रेशन) में परिवर्तित होकर उत्तर-पश्चिमी दिशा की ओर बढ़ने के अनुमान हैं। इस कारण यह ओडिशा के उत्तरी भाग और पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र होते हुए झारखंड के ऊपर से गुजरेगा। इससे राज्य के सभी हिस्सों में अच्छी बारिश होगी।

रांची में सबसे अधिक बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान लगातार बारिश से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। देवघर में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस और रांची में सबसे कम न्यूनतम 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में गिरावट से ठंड का अहसास हो रहा है। पिछले 24 घंटों में राज्य के लगभग सभी हिस्सों में बारिश हुई। सबसे अधिक रांची में 47.4 मिमी बारिश हुई। सबसे कम बारिश साहिबगंज में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। राज्य में इस मानसून सीजन के दौरान 10 अगस्त तक 319.9 मिमी बारिश हुई, जो कि सामान्य 607.4 मिमी से 47 फीसदी कम है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार ताजा पूर्वानुमान से मानसून की स्थिति में सुधार आने की संभावना है।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें