Ranchi News: रांची शहर में सड़क की मरम्मत का टेंडर जारी, 259 करोड़ स्वीकृत
Ranchi News: राजधानी रांची में मानसूनी बारिश की वजह से जीर्ण हुई प्रमुख सड़कों की मरम्मत के लिए पथ निर्माण विभाग ने 259 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। 18 किलोमीटर सड़क की मरम्मत का काम तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। अस्थायी मरम्मत फिलहाल की जा रही है।

Ranchi News: रांची, विशेष संवाददाता। राजधानी रांची में मानसूनी की बारिश से जर्जर हुई प्रमुख सड़कों की स्थिति जल्द सुधरने की उम्मीद है। पथ निर्माण विभाग ने शहर की करीब 18 किलोमीटर लंबी सड़कों की मरम्मत का फैसला लिया है। इसके लिए विभाग की ओर से निविदाएं जारी कर दी गई हैं। सड़कों की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर कराने और इसे तीन महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत शहर के तीन प्रमुख मार्गों की मरम्मत और जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसमें एलपीएन शाहदेव चौक से बूटी मोड़ तक 7.9 किलोमीटर, नेपाल हाउस से मेकॉन चौक होते हुए हिनू चौक तक 2.3 किलोमीटर और रातू रोड जंक्शन से एचईसी गेट तक 7.8 किलोमीटर सड़क शामिल है। इन सड़कों पर बारिश के कारण जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं और सड़क की सतह भी क्षतिग्रस्त हुई है.
259 करोड़ का बजट मंजूर
मरम्मत के दौरान आवश्यक स्थानों पर सड़क की मार्किंग भी की जाएगी। राज्य में सड़कों की मरम्मत के लिए कुल 259 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है। मौसम साफ होते ही काम तेज होगा। पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल यातायात को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए जरूरी स्थानों पर अस्थायी मरम्मत कराई जा रही है। लगातार बारिश के कारण स्थायी मरम्मत में परेशानी हो रही है। मौसम साफ होते ही सड़क निर्माण का काम पूरी क्षमता के साथ शुरू किया जाएगा।


