
इटकी में मंत्री ने किया 1,16,42,000 की योजनाओं का शिलान्यास
इटकी में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने क्लस्टर भवन और उर्दू स्कूल में चार अतिरिक्त कमरों का निर्माण शुरू किया। क्लस्टर भवन का निर्माण 48 लाख 42 हजार रुपये और उर्दू स्कूल का 68 लाख रुपये की लागत से होगा। उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने और शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
इटकी, प्रतिनिधि। प्रखंड मुख्यालय परिसर में शुक्रवार को मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने क्लस्टर भवन और एमएस उर्दू बालक विद्यालय में चार अतिरिक्त कमरों के भवन निर्माण की आधारशिला रखी। डीएमएफटी योजना मद से क्लस्टर भवन का निर्माण 48 लाख 42 हजार रुपये की लागत से होगा, जबकि उर्दू स्कूल भवन का निर्माण 68 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। प्रखंड मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत मृत्यु दावा भुगतान के रूप में स्व. रोहित मिंज की पत्नी मीना मिंज को दो लाख रुपये का चेक सौंपा। वहीं, मुख्यमंत्री ट्रैक्टर योजना के तहत भूमि संरक्षण विभाग द्वारा प्रदान किए गए मिनी ट्रैक्टर की चाबी एकता सखी मंडल, इटकी को सौंपी।
मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता महिला सशक्तीकरण और शिक्षा को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं जागरूक हो चुकी हैं और स्वावलंबन की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही हैं। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने में काफी मददगार साबित हुई है। मौके पर विधायक प्रतिनिधि राजन किस्पोट्टा, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रमेश महली, मजकूर आलम सिद्दीकी, जीनत परवीन, अबू माज, आमना खातून और अंजुल जमाल सहित दर्जनों ग्रामीण और अधिकारी मौजूद थे। सखी मंडल की सराहना कृषि मंत्री महिला दीदियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी लगन के साथ अपना काम पूरा किया और कभी हौसला कम नहीं होने दिया। अब क्लस्टर भवन बनने के बाद दीदियों को पेड़ के नीचे या खुले आसमान में बैठने की जरूरत नहीं होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




