नगड़ी में जैक बोर्ड परीक्षा में 881 छात्र हुए शामिल
नगड़ी प्रखंड में मैट्रिक बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हो गई है। कुल 885 विद्यार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन हिंदी विषय की परीक्षा हुई, जिसमें 881 परीक्षार्थी शामिल हुए। कड़ी निगरानी के बीच परीक्षा आयोजित की जा रही है और किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली है।

पिस्का नगड़ी, प्रतिनिधि। नगड़ी प्रखंड में मैट्रिक (दसवीं) बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हो गई है। प्रखंड के विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों के कुल 885 विद्यार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 881 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 04 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के पहले दिन बुधवार को हिंदी विषय की परीक्षा संपन्न हुई। इसके बाद गुरुवार और शुक्रवार को अवकाश रहा, वहीं शनिवार को सोशल साइंस विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रखंड में कुल दो विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय नगड़ी और संत इग्निगो हाई स्कूल सपारोम शामिल हैं।
दोनों केंद्रों पर कड़ी निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्था के बीच परीक्षा ली जा रही है, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली है। राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय नगड़ी के प्रधानाध्यापक सुनील नंद ने बताया कि इस केंद्र में कुल तीन विद्यालयों के 414 विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं। इनमें इग्निगो हाई स्कूल सपारोम, हाई स्कूल बलालोंग और राज इंटरनेशनल स्कूल नगड़ी के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इस केंद्र पर प्रथम दिन एक छात्र अनुपस्थित रहा। दूसरे परीक्षा केंद्र संत इग्निगो हाई स्कूल सपारोम में कुल 471 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। यहां सरना आदिवासी महादेव उरांव हाई स्कूल केसारो नगड़ी एवं सेक्रेड मिशन हाई स्कूल नगड़ी के छात्र परीक्षा दे रहे हैं। पहले दिन 471 में से 467 छात्र उपस्थित रहे, जबकि चार परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



