नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करनेवाला गिरफ्तार
कांके पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी देवाशीष मिश्रा को गिरफ्तार किया। आरोपी ने सीसीएल, मेकॉन और एनटीपीसी जैसी कंपनियों के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाकर युवाओं को ठगा। अब तक 12 लोगों से करीब 32 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।

कांके, प्रतिनिधि। थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले रिवर डेल सिटी आईआईसीएम निवासी मास्टरमाइंड आरोपी देवाशीष मिश्रा को कांके पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी काफी शातिर था। वह युवाओं को अपने जाल में फंसाने के लिए सीसीएल, मेकॉन और एनटीपीसी जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाकर नौकरी दिलाने की शत-प्रतिशत गारंटी देता था और उनसे लाखों रुपये की ठगी करता था। अब तक 12 लोगों से करीब 32 लाख रुपये की ठगी की बात सामने आई है। कांके थाना प्रभारी साक्षी जमुआर ने बताया कि शिकायतकर्ता सुदर्शन चैबे ने थाना में ठगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी देवाशीष मिश्रा को थाना बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह बड़ी कंपनियों के नाम पर फर्जी ईमेल भेजकर लोगों को ठगी का शिकार बनाता था। इस मामले में पुलिस ने केवल देवाशीष मिश्रा ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार को भी अभियुक्त बनाया है। प्राथमिकी में उसके बेटे प्रियांशु मिश्रा, पत्नी ज्योति मिश्रा और बहन वंदना मिश्रा को भी नामजद किया गया है।जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ठगी की रकम सीधे अपने खाते में मंगाने के बजाय बेटे, पत्नी और बहन के बैंक खातों में मंगवाता था, ताकि जांच एजेंसियों की नजर से बच सके। केस के आईओ मोहम्मद कफीन अहमद ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अपने गुनाह स्वीकार कर लिए हैं। पुलिस अब तकनीकी साक्ष्यों और बैंक ट्रांजैक्शन की बारीकी से जांच कर रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी के संभावित मामलों की भी जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


