Ranchi News: मारवाड़ी कॉलेज ने संत जेवियर्स को हराकर जीता वॉलीबॉल का खिताब
Ranchi News: मारवाड़ी कॉलेज ने रांची विश्वविद्यालय अंतर-कॉलेज पुरुष वॉलीबॉल टूर्नामेंट-2026 का खिताब जीत लिया। शनिवार को संत जेवियर्स कॉलेज में खेले गए फाइनल में उसने मेजबान टीम को 3-2 से हराया। संत जेवियर्स के अर्पित आईंद को प्लेयर ऑफ द मैच और मारवाड़ी कॉलेज के निखिल कुमार को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

Ranchi News: रांची, विशेष संवाददाता। रांची विश्वविद्यालय अंतर-कॉलेज पुरुष वॉलीबॉल टूर्नामेंट-2026 का खिताब मारवाड़ी कॉलेज ने जीत लिया। शनिवार को संत जेवियर्स कॉलेज में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में मारवाड़ी कॉलेज ने मेजबान संत जेवियर्स कॉलेज को 3-2 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। दोनों टीमों के बीच मुकाबले में कड़ी टक्कर देखने को मिली। मारवाड़ी कॉलेज के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों ने हर अंक के लिए संघर्ष किया। मारवाड़ी कॉलेज ने पहला सेट 25-23 से जीता, जबकि संत जेवियर्स कॉलेज ने दूसरा सेट 25-18 से अपने नाम कर मुकाबले में वापसी की।
मारवाड़ी कॉलेज ने तीसरा सेट 25-19 से जीतकर बढ़त बनाई। इसके बाद भी दोनों टीमों के बीच मुकाबला रोमांचक बना रहा और अंततः मारवाड़ी कॉलेज ने जीत हासिल कर खिताब अपने नाम कर लिया। संत जेवियर्स कॉलेज के अर्पित आईंद को प्लेयर ऑफ द मैच और मारवाड़ी कॉलेज के निखिल कुमार को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया गया।समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रांची विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू डॉ सुदेश कुमार साहू उपस्थित थे। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल को अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। इन गुणों के साथ ही जीत सुनिश्चित होती है। विशिष्ट अतिथि के रूप में रांची विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ अनिल वीरेन्द्र कुल्लू और मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य डॉ मनोज कुमार मौजूद थे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। पूरी प्रतियोगिता आयोजन सचिव डॉ राम मुर्मू के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। मौके पर संत जेवियर्स कॉलेज के प्राचार्य फादर डॉ रॉबर्ट प्रदीप कुजूर, एसजे, फादर अजय अनिल तिर्की, डॉ संजय कुमार, डॉ शिव कुमार, फादर संजय केरकेट्टा, डॉ सुशील पांडेय, डॉ आशुतोष पाण्डेय और प्रो कमलदीप सहित प्रतियोगिता के तकनीकी अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ ज्योति टेटे और अजीत मेलगंडी ने किया। टूर्नामेंट में रांची विश्वविद्यालय के विभिन्न अंगीभूत और संबद्धता प्राप्त कॉलेजों की टीमों ने भाग लिया।

