मारवाड़ी कॉलेज के शुभम बने गूगल स्टूडेंट एंबेसडर
रांची के मारवाड़ी कॉलेज के छात्र शुभम कुमार को गूगल स्टूडेंट एंबेसडर प्रोग्राम के लिए चुना गया है। यह चयन उनके तकनीकी कौशल और नवाचार के प्रति रुचि के कारण किया गया। शुभम अपने कॉलेज में नई तकनीकों की...

रांची, विशेष संवाददाता। मारवाड़ी कॉलेज के छात्र शुभम कुमार ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और तकनीकी समझ के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें गूगल की ओर से गूगल स्टूडेंट एंबेसडर प्रोग्राम के लिए चुना गया है। यह चयन देश के उन चुनिंदा छात्रों में से किया जाता है, जो कृत्रिम बुद्धिमत्ता और नई तकनीकी विधाओं में विशेष रुचि रखते हैं और अपने कॉलेज में नवाचार को बढ़ावा देने की क्षमता रखते हैं। गूगल की टीम ने ईमेल के माध्यम से शुभम को इस चयन की जानकारी दी और बताया कि उन्हें एक कठिन चयन प्रक्रिया के बाद चुना गया है।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित छात्र अपने कॉलेज में तकनीक से संबंधित कार्यशालाएं, संगोष्ठी और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करते हैं, ताकि अन्य छात्र भी नई तकनीकों को समझ सकें और उनसे जुड़ सकें। कंप्यूटर साइंस विभाग के समन्वयक डॉ संतोष रजवार ने बताया कि शुभम हमेशा से मेहनती, जिज्ञासु और नवाचार की भावना से प्रेरित छात्र रहे हैं। वहीं, डॉ तरुण चक्रवर्ती (डीएसडब्ल्यू), डॉ उमेश कुमार (परीक्षा नियंत्रक), शुभंकर आइच (संयोजक, प्लेसमेंट सेल), सहायक समन्वयक प्लेसमेंट सेल अनुभव चक्रवर्ती सहित सभी शिक्षकों ने शुभम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। छात्रों तक पहुंचाएंगे नई तकनीक : शुभम अपनी इस उपलब्धि पर शुभम कुमार ने कहा कि गूगल स्टूडेंट एंबेसडर बनना उनके लिए एक बड़ा अवसर है और वह कॉलेज के अन्य छात्रों तक नई तकनीकों की जानकारी पहुंचाने का पूरा प्रयास करेंगे। कॉलेज के प्राचार्य डॉ मनोज कुमार ने कहा कि यह पूरे कॉलेज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे छात्र न सिर्फ कॉलेज का नाम रोशन करते हैं, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करते हैं कि वे तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ें और प्रतियोगिताओं में भाग लें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




