
जनसेवा और डिजिटल पंचायत व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीपीआरओ
अड़की प्रखंड के हुंठ पंचायत में जिला पंचायती राज पदाधिकारी डॉ शिशिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में पंचायत स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि हर गुरुवार पंचायत दिवस अनिवार्य होगा और साप्ताहिक बैठकें आयोजित की जाएंगी। अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने और जागरूकता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
खूंटी, संवाददाता। अड़की प्रखंड के हुंठ पंचायत में शुक्रवार को जिला पंचायती राज पदाधिकारी (डीपीआरओ) डॉ शिशिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में पंचायत स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर प्रत्येक गुरुवार को अनिवार्य रूप से ‘पंचायत दिवस’ का आयोजन किया जाए। इसमें पंचायत कर्मियों के अलावा जेएसएलपीएस प्रतिनिधि, एएनएम, सहिया, राजस्व उपनिरीक्षक, रोजगार सेवक, कृषि मित्र, जनसेवक सहित सभी विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। अब साप्ताहिक बैठकें होंगी अनिवार्य: पंचायत सचिव द्वारा बैठक महीने में केवल एक बार किए जाने की जानकारी देने पर डीपीआरओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब पंचायत की बैठकें साप्ताहिक आधार पर नियमित रूप से आयोजित हों, ताकि सुदूर गांवों तक सरकारी योजनाओं, जनकल्याण कार्यक्रमों और पब्लिक सर्विस डिलीवरी सेवाओं की समय पर जानकारी पहुंच सके।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि डिजिटल पंचायत व्यवस्था और जनसेवा के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। अफीम की खेती पर रोक और जागरुकता पर जोर: बैठक के दौरान अफीम की अवैध खेती नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। इसके दुष्प्रभावों, कानूनी प्रावधानों एवं ग्रामीणों पर इसके नकारात्मक प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पाई दो का सत्यापन कार्य भी कराया गया। बैठक में पंचायत मुखिया सोमा मुंडा, पंचायत समिति सदस्य, आंगनबाड़ी सेविका, पंचायत सहायक, ग्राम सभा मोबिलाइज़र राजेश्वर बैठा, बालगोविंद महतो सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




