Ranchi News: तमाड़ के बेलबेडा में मलेरिया पीड़ितों और संदिग्धों पर रखी जा रही नजर
Ranchi News: रांची के तमाड़ प्रखंड के बेलबेडा गांव में मलेरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। 51 रक्त नमूनों में से 17 में मलेरिया की पुष्टि हुई है। गांव में 25 लक्षणयुक्त और 150 लक्षणरहित लोगों की निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष सर्वे और उपचार किए जा रहे हैं।

Ranchi News: रांची, वरीय संवाददाता। तमाड़ प्रखंड के बेलबेडा गांव में मलेरिया के मामलों को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और नियंत्रण अभियान तेज कर दिया है। सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार वेक्टर जनित रोग शाखा और एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम की टीम के साथ बेलबेडा गांव पहुंचे। सिविल सर्जन के अनुसार अब तक 51 रक्त नमूनों की जांच में 17 लोगों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। इनमें दो मरीजों में लक्षण पाए गए, जबकि 15 संक्रमित बिना लक्षण के मिले हैं। अब तक कुल 1,327 लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। वर्तमान में गांव में 25 लक्षणयुक्त और 150 लक्षणरहित लोगों की निगरानी की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष सर्वे, जांच और उपचार अभियान चलाया जा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम एक सप्ताह से घर-घर जाकर स्वास्थ्य सर्वे कर रही है और संदिग्ध मरीजों को दवाएं दी जा रही हैं। आईडीएसपी विभाग ने मलेरिया को लेकर अलर्ट जारी किया है। सिविल सर्जन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और बुखार होने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और सभी जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


