
तोरपा में बिना चालक के 200 मीटर लुढ़का ट्रेलर, टेम्पो और ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त
तोरपा में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। लोहे से लदे ट्रेलर का चालक फल खरीदने गया था, तभी वाहन अचानक लुढ़कने लगा। स्थानीय लोगों की सतर्कता से कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन टेम्पो और बिजली ट्रांसफार्मर को नुकसान पहुंचा। चालक ने बताया कि वाहन स्टार्ट था और हैंड ब्रेक लगाकर वह गया था।
तोरपा, प्रतिनिधि। तोरपा मेन रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के पास रविवार सुबह एक बड़ी दुर्घटना टल गई। नागपुर से टाटा जा रहे लोहे से लदे एक ट्रेलर के चालक ने वाहन सड़क किनारे चौरसिया भंडार के सामने खड़ा कर फल खरीदने के लिए गया था। इसी दौरान वाहन अचानक पीछे की ओर लुढ़कने लगा। पीछे काफी संख्या में लोग मौजूद थे। बिना चालक के भारी वाहन को पीछे आता देख लोगों ने शोर मचाते हुए भीड़ को हटाना शुरू किया। अचानक हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और लोग इधर-उधर दौड़कर जान बचाने लगे। करीब दो मीटर पीछे जाकर ट्रेलर एक खड़े टेम्पो से जोरदार टकरा गया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा ट्रेलर की टक्कर से सड़क किनारे लगा बिजली ट्रांसफॉर्मर और खंभा भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हादसे में मोटर गैरेज में काम कर रहे हसमत खान को चोट आई है, जबकि पास में स्थित पान दुकान के संचालक ने दौड़कर अपनी जान बचाई। हालांकि किसी की जान नहीं गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीयों की तत्परता ने बचाई जनहानि: घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने में जुट गए। बिजली विभाग को सूचना देकर ट्रांसफॉर्मर और लाइन को सुरक्षित किया गया। पुलिस टीम ने पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा ट्रेलर को जब्त कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त सड़क पर भीड़ थी लेकिन लोगों की सतर्कता से बड़ा नुकसान टल गया। चालक सुधीर वर्मा ने बताया कि वाहन स्टार्ट था और हैंड ब्रेक लगाकर वह फल खरीदने गया था, फिर भी वाहन पीछे लुढ़क गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


