महाशिवरात्रि पर तोरपा के शिवालयों में उमड़ी भक्तों की भीड़
महाशिवरात्रि के अवसर पर तोरपा के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की पूजा की, पुष्प और बेलपत्र चढ़ाए। नागेश्वर धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान हुए और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। विभिन्न शिवालयों में दिनभर पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा।

तोरपा, प्रतिनिधि। महाशिवरात्रि के पावन मौके पर भगवान भोलेनाथ के दर्शन पूजन के लिए तोरपा के सभी शिवालयों में भक्तों की भीड़ दिनभर लगी रही। मौके पर कई धार्मिक अनुष्ठानों से माहौल भक्तिमय बना रहा। पतरायुर स्थित नागेश्वर धाम में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। भोर पांच बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गयी थी। आठ बजते-बजते भारी भीड़ जमा हो गयी। श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ पर पुष्प, बेलपत्र, दूध, जल चढाकर पूजा-अर्चना की। विहिप की ओर से श्रद्धालुओं के बीच खीर का वितरण किया गया। प्रसाद वितरण में एमपी सिंह, मोहित कुमार यादव, चंदन सिंह,श्रुतिका रानी आदि ने सहयोग किया।
नर्मदेश्वर मंदिर बासकी व मेन रोड स्थित शिवालय में रूद्राभिषेक अनुष्ठान हुआ। पुरोहित अनिल मिश्र व कृष्णा पाढ़ी ने अनुष्ठान संपन्न कराया। इसके अलावा नर्मदेश्वर मंदिर बासकी, एनएचपीसी शिव मंदिर, महादेव मंडा, डिगरी मंदिर में भी दिनभर पूजा-अर्चना का दौर चला। तोरपा थाना परिसर स्थित मंदिर में शिवरात्रि अनुष्ठान व भंडारा का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी मुकेश यादव ने भंडारे में प्रसाद वितरण किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


