शिव शिष्य परिवार के कीर्तन व अष्टयाम में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी
रांची में वैश्विक शिव शिष्य परिवार ने महाशिवरात्रि पर एचईसी परिसर में शिव संकीर्तन और अष्टयाम का आयोजन किया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के साथ भजन-कीर्तन किया और होली मनाई। आयोजन में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें कई भक्तों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

रांची, प्रमुख संवाददाता। वैश्विक शिव शिष्य परिवार की ओर से महाशिवरात्रि पर एचईसी परिसर के पुराना विधानसभा मैदान में शिव संकीर्तन व अष्टयाम का आयोजन किया गया। शिव शिष्यों ने परमपिता शिव की पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही अष्टयाम का समापन हुआ। मौके पर भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक, शिव महिमा गुणगान का आयोजन हुआ। शिव शिष्यों ने श्रद्धाभाव के साथ एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली खेली। इसके बाद सभी के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इधर, दिवंगत साहब हरीन्द्रानंद के निवास पर शिव शिष्यों ने तैल चित्र के दर्शन किए। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया।
इसमें बड़ी संख्या में शिव भक्तों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ एवं रोग निदान के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओर से परामर्श दिया गया। वैश्विक शिव शिष्य परिवार के मुख्य सलाहकार अर्चित आनंद ने कहा कि धार्मिक आयोजन से समाज में एकजुटता के साथ सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है। उन्होंने बताया शिव चर्चा के सूत्रधार साहब हरिन्द्रानंद की इच्छा के अनुसार दुनिया भर में शिव के गुरु स्वरूप को स्थापित करना है। शिव शिष्य हरिंद्रानंद फाउंडेशन की अध्यक्ष बरखा आनंद, शिव शिष्य परिवार के सचिव अभिनव आनंद, निहारिका आनंद सहित समेत अन्य ने अपने विचार रखे। आयोजन समिति के अध्यक्ष शिव कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



