
राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी में महाराष्ट्र चैंपियन, झारखंड को तीसरा स्थान
रांची में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन हुआ। महाराष्ट्र ने 5 स्वर्ण, 3 रजत और 4 कांस्य पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप जीती। ओडिशा उपविजेता रही। झारखंड ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में 33 राज्यों के 600 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
रांची, वरीय संवाददाता। खेलगांव के टिकैत उमराव सिंह शूटिंग स्टेडियम में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। इसमें महाराष्ट्र की टीम 5 स्वर्ण, 3 रजत और 4 कांस्य पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन बनी। वहीं, ओडिशा की टीम 3 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर उपविजेता रही। मेजबान झारखंड 3 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक के साथ पदक तालिका में तीसरे स्थान पर रहा। शिक्षा विभाग की मेजबानी में 6 से 10 जनवरी तक चली इस प्रतियोगिता के अंडर-17 आयु वर्ग में देशभर के 33 राज्यों और विभिन्न इकाइयों के 600 से अधिक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के दौरान सभी विजेता टीमों और खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन सचिव सह राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग ने धन्यवाद ज्ञापन किया। एसजीएफआई के फील्ड ऑफिसर राकेश कुमार सिंह, भारतीय तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष सत्यनारायण चिरिकुरी, मुख्य प्रशिक्षक रविशंकर, झारखंड तीरंदाजी संघ के संयुक्त सचिव हरेंद्र सिंह, अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक मनजीत मल्लिक, योगेंद्र राणा और मनोज कुमार उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




