रोज केरकेट्टा की स्मृति में मिलेगा साहित्यिक सम्मान
रांची में आदिवासी स्त्री लेखन को बढ़ावा देने के लिए 25 हजार रुपए का साहित्यिक सम्मान डॉ रोज केरकेट्टा की स्मृति में दिया जाएगा। इस पुरस्कार के लिए किसी भी आदिवासी लेखिका की हिंदी में प्रकाशित पुस्तक...

रांची, वरीय संवाददाता। आदिवासी स्त्री लेखन को प्रोत्साहित करने के लिए 25 हजार रुपए का साहित्यिक सम्मान देने की घोषणा की गई है। यह सम्मान डॉ रोज केरकेट्टा की स्मृति में दिया जाएगा। इसकी घोषणा प्यारा केरकेट्टा फाउंडेशन की अध्यक्ष ग्लोरिया सोरेंग और आदिवासी साहित्यकार वंदना टेटे ने की। इसके तहत भारत की किसी भी आदिवासी लेखिका की हिंदी में प्रकाशित पुस्तक को 25 हजार रुपए की राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। प्रकाशित कृत कविता, कहानी, नाटक, उपन्यास, जीवनी, लेख आदि किसी भी विधा में हो सकती है। लेखिका की उम्र 25 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए। पुस्तक प्रकाशन नौ अगस्त 2023 से 20 सितंबर 2025 के बीच हुआ होना चाहिए।
इसके लिए आवेदिका खुद आवेदन कर सकती हैं या कोई भी व्यक्ति किसी आदिवासी लेखिका की पुस्तक की अनुशंसा कर सकता है। आवेदन व अनुशंसा की अंतिम तिथि 30 अक्तूबर है और पुरस्कार की घोषणा 10 नवंबर को की जाएगी। सम्मान समारोह रोज केरकेट्टा की 85वीं जयंती पर सात दिसंबर को रांची में आयोजित होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




