ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीसीएम हाउस जा रहे पूर्व संविदाकर्मियों पर लाठी चार्ज, एक दर्जन घायल, पुलिस ने गर्भवतियों को भी नहीं बख्शा

सीएम हाउस जा रहे पूर्व संविदाकर्मियों पर लाठी चार्ज, एक दर्जन घायल, पुलिस ने गर्भवतियों को भी नहीं बख्शा

सेवा अवधि की विस्तार करने की मांग को लेकर सीएम आवास जा रहे 14 वें वित्त आयोग के संविदाकर्मियों पर शुक्रवार को पुलिस ने बिरसा चौक पर लाठी चार्ज किया।...

सीएम हाउस जा रहे पूर्व संविदाकर्मियों पर लाठी चार्ज, एक दर्जन घायल, पुलिस ने गर्भवतियों को भी नहीं बख्शा
हिन्दुस्तान टीम,रांचीSat, 23 Jan 2021 03:04 AM
ऐप पर पढ़ें

रांची। प्रमुख संवाददाता

सेवा अवधि की विस्तार करने की मांग को लेकर सीएम आवास जा रहे 14 वें वित्त आयोग के संविदाकर्मियों पर शुक्रवार को पुलिस ने बिरसा चौक पर लाठी चार्ज किया। बिरसा चौक पर संविदाकर्मी 25 दिसंबर धरना दे रहे हैं। संविदा विस्तार के लिए पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी बिरसा चौक से सीएम आवास ज्ञापन सौंपने के लिए निकले। तभी पुलिस ने रोक दिया और आगे नहीं जाने को कहा। संविदाकर्मी आगे बढ़ने लगे। इस पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। महिलाओं पर भी पुरूस पुलिसकर्मियों ने लाठी बरसायी।

आंदोलनकारियों का टेंट भी पुलिस ने ध्वस्त कर दिया। लाठी चार्ज से कई लोगों को गंभीर चोट लगी है। किसी का पैर टूट गया है तो किसी के सिर पर चोट लगी है। कुछ महिलाएं भी घायल हुई हैं। 14 वें वित्त आयोग के तहत संविदा पर अभियंताओं से लेकर कंप्यूटर ऑपरेटर तक की नियुक्ति की गयी है। केंद्र सरकार ने इन कर्मचारियों का वेतन भुगतान अब राज्य सरकार को करने को कहा है। इसके बाद राज्य सरकार ने इनकी संविदा समाप्त कर दी है। इसके बाद से सभी 25 दिसंबर से धरना दे रहे हैं।

शुक्रवार को संविदाकर्मी जैसे ही सीएम हाउस जाने के लिए निकले तभी वहां पुलिस पहुंच गयी। पुलिस ने कहा कि किसी को यहां से जाने की इजाजत नहं दी जाएगी। ज्ञापन यहीं दे दिया जाए,उसे संबंधित स्थान पर पहुंचा दिया जाएगा। आंदोलनकारियों का कहना था कि वह कई बार ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इसलिए वह लोग खुद सीएम हाउस जाना चाहते है। इसके बाद पुलिस ने बिरसा चौक का दोनों गेट बंद कर दिया लाठी चार्ज कर सभी को खदेड़ना शुरु किया। इसके बाद पूरे बिरसा चौक पर भगदड़ मच गयी। कई प्रदर्शनकारी जमीन पर गिर पड़े। पुलिस लगातार लाठी चार्ज करती रही। महिलाओं को भी पुलिस ने नहीं बख्शा। करीब 45 मिनट तक अफरा- तफरी मची रह गयी।

लाठी चार्ज का कारण नहीं बता सके अधिकारी :

मौके पर मौजूद हटिया के एएसपी से लाठी चार्ज करने का कारण पूछा गया तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। कहा कि स्थिति शांत होने के बाद ही कुछ कहा जाएगा। यहां प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी ने कहा कि अब सब कंट्रोल हो जाएगा। बाद में इसकी समीक्षा की जाएगी कि लाठी चार्ज की जरुरत क्यों पड़ी।

कुछ घायलों को अस्पताल ले जाया गया :

लाठी चार्ज में घायल कुछ लोगों को नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। धनबाद जिला के 14 वें वित्त के कनीय अभियंता शिव कुमार दास का पैर लाठीचार्ज के दौरान फ्रैक्चर हो गया है। लेखा लिपिक सुजीत सोरेन का सिर में चोट लगी है।

150 लोग शांतिपूर्ण तरीके से जा रहे थे :

संविदाकर्मियों को सीएम आवास जाकर ज्ञापन देना था। करीब 150 संविदकर्मी जमा थे और वह शांतिपूर्ण तरीके से मार्च निकाल सीएम हाउस जा रहे थे। पुलिस ने इन्हें हिरासत में लेने का प्रयास नहीं किया, बल्कि बिरसा चौक का गेट बंद कर लाठी चार्ज कर दिया।

एक घंटे तक जाम रहा बिरसा चौक :

लाठी चार्ज के बाद बिरसा चौक पर भगदड़ मच गयी। आम लोग भी इधर- उधर भागने लगे। करीब आधे घंटे तक भगदड़ मची रही। पुलिस ने बिरसा चौक के पास के एचईसी के दोनों गेट बंद कर दिया था इस कारण जाम भी लग गया था। इस कारण लोगों को काफी परेशानी हुई।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें