Ranchi News: जमीन कारोबारी टोनी को अपराधी लवकुश शर्मा ने मारी गोली
Ranchi News: रांची में हरिहर सिंह रोड के मंडा बगीचा में टोनी लोहरा नामक जमीन कारोबारी को लवकुश शर्मा ने गोली मार दी। पुलिस ने उसे रिम्स में भर्ती कराया है। टोनी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, और घटना के समय वह शराब पार्टी कर रहा था। पुलिस ने लवकुश और गौरव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

Ranchi News: रांची, प्रमुख संवाददाता। हरिहर सिंह रोड के मंडा बगीचा में रविवार देर रात टोनी लोहरा नामक जमीन कारोबारी को अपराधी लवकुश शर्मा ने गोली मार दी। पेट में गोली लगने से घायल होने पर पुलिस ने उसे रिम्स में भर्ती कराया है। रातू थाना क्षेत्र के कमड़े निवासी टोनी का भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह शराब पार्टी कर रहा था।
पुलिस की कार्रवाई
इधर, पुलिस ने टोनी के फर्द बयान पर लवकुश उसके साथी गौरव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बरियातू थानेदार प्रकाश रजक ने घायल के बयान के आधार पर सोमवार को बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ रविवार देर रात मंडा बगीचा में पार्टी कर रहा था। तभी फायरिंग की आवाज सुनकर गोली चलाने वाले के करीब पहुंच गया। सामने अपराधी लवकुश शर्मा अपने साथी गौरव के साथ खड़ा मिला। टोनी बात करता इससे पहले लवकुश ने पिस्टल से उस पर फायर कर दिया। गोली लगते ही टोनी वहीं गिर पड़ा। इसके बाद दोनों अपराधी वहां से फरार हो गए।
गिरफ्तारी की कोशिशें
इधर, पुलिस ने दोनों अपराधियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की है। पुलिस का दावा है कि दोनों जल्द पकड़े जाएंगे। इधर, रिम्स में भर्ती टोनी की स्थिति देर रात तक स्थिर थी।
टोनी का आपराधिक रिकॉर्ड
टोनी पर कई केस हैं दर्ज। गोली लगने से घायल टोनी लोहरा अभी जमीन का धंधा करता है। उसका पूर्व का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह पूर्व में आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामलों में जेल जा चुका है।


