
कृषि विज्ञान केंद्र तोरपा में तृतीय वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक
कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) तोरपा में तीसरी वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक हुई। अध्यक्ष अभिजीत कर ने कृषि केंद्र की गतिविधियों की समीक्षा की। डॉ. डीबी सिंह और डॉ. मोहम्मद मोनोब्रुल्लाह ने किसानों को आधुनिक तकनीक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की। बैठक में किसानों की समस्याओं पर चर्चा कर समाधान सुझाए गए।
तोरपा, प्रतिनिधि। कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) तोरपा में मंगलवार को तृतीय वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान, रांची के अध्यक्ष अभिजीत कर ने की। उन्होंने बताया कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य कृषि विज्ञान केंद्र की अब तक की गतिविधियों की समीक्षा करना तथा आगामी वर्षों के लिए कार्ययोजना को और अधिक प्रभावी बनाना है। बैठक में अटारी पटना से आए प्रधान वैज्ञानिक डॉ डीबी सिंह एवं डॉ मोहम्मद मोनोब्रुल्लाह ने कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीक पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण, प्रदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से किसान लाभान्वित हो रहे हैं।
गतिविधियों की समीक्षा और विभागीय सहभागिता कृषि विज्ञान केंद्र, खूंटी के अध्यक्ष डॉ दीपक राय ने विगत वर्ष में केंद्र द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रमों, फ्रंट लाइन डेमोंस्ट्रेशन, कृषक जागरूकता शिविरों एवं नवाचार आधारित गतिविधियों पर प्रकाश डाला। बैठक में खूंटी जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया और किसानों को एकीकृत एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। किसानों की समस्याओं पर हुई चर्चा बैठक में उपस्थित किसान प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं और अनुभवों को समिति के समक्ष रखा। समिति के सदस्यों ने किसानों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक समाधान सुझाए। साथ ही आगामी वर्ष के लिए कार्ययोजना, प्रशिक्षण की प्राथमिकताएं, अनुसंधान एवं विस्तार समन्वय तथा जिले की स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यक्रमों को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




