
बीमार को आर्थिक सहयोग और सामाजिक एकजुटता पर जोर
सिल्ली प्रखंड में क्षत्रिय महासभा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाज को संगठित करने और बलराम सिंह की बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक सहयोग पर चर्चा की गई। सदस्यों ने सामूहिक जिम्मेदारी के तहत सहयोग राशि जमा करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही, नव वर्ष पर सामूहिक वन भोज का आयोजन भी प्रस्तावित किया गया।
सिल्ली, प्रतिनिधि। सिल्ली प्रखंड अंतर्गत जाम टोला में रविवार को क्षत्रिय महासभा सिल्ली की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भरत देव साय ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित और मजबूत बनाने के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन पर विचार-विमर्श करना था। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने समाज से जुड़े कई अहम विषयों पर गंभीरता से चर्चा की। बैठक के दौरान जाम टोला निवासी एवं समाज के सदस्य बलराम सिंह की गंभीर बीमारी को लेकर चिंता व्यक्त की गई। उनके बेहतर इलाज के लिए आर्थिक सहयोग देने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। इस क्रम में यह तय किया गया कि सभी सदस्य चार जनवरी तक स्वेच्छा से सहयोग राशि जमा करेंगे, ताकि समय पर इलाज में सहायता पहुंचाई जा सके।
सदस्यों ने इसे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक सहयोग करने की अपील की। सदस्यता शुल्क और संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा: बैठक में संगठन की मजबूती को लेकर भी विस्तार से विचार किया गया। महासभा के संचालन और भविष्य की गतिविधियों को सुचारू रूप से चलाने के लिए यह निर्णय लिया गया कि सभी सदस्य जनवरी माह तक की मासिक सदस्यता शुल्क अनिवार्य रूप से जमा करेंगे। अध्यक्ष भरत देव साय ने कहा कि नियमित सदस्यता शुल्क से संगठन को मजबूती मिलेगी और समाजहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। नव वर्ष पर होगा सामूहिक वन भोज का आयोजन: बैठक में नव वर्ष के उपलक्ष्य में आगामी 11 जनवरी को सामूहिक वन भोज आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। इस आयोजन को आपसी भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक मेलजोल को बढ़ावा देने का माध्यम बताया गया। सदस्यों ने इसे समाज के सभी वर्गों को जोड़ने वाला कार्यक्रम बताया और इसकी तैयारी को लेकर उत्साह दिखाया। बीमार सदस्य के घर जाकर दिया सहयोग का भरोसा: बैठक के पश्चात सभी सदस्य अस्वस्थ बलराम सिंह के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। सदस्यों ने उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा देते हुए शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस अवसर पर नित्यानंद साय, खुदीराम सिंह, केशव राय, अधिवक्ता सत्येंद्र नाथ सिंह, नित्यानंद सिंह, संतोष राय, गौरी नाथ सिंह, संजीत सिंहदेव, भोलानाथ सिंह, घुनाथ साय, रवि साय, नंद किशोर साय, दिलीप साय, धर्मा सिंह समेत कई सदस्य उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




