किराने की दुकान पर हाथ बंटाते हुए कृष ने हासिल किया राज्य में दूसरा स्थान
रांची के कृष कुमार बर्णवाल ने सीमित संसाधनों के बावजूद जैक 12वीं बोर्ड की कॉमर्स परीक्षा में 94.4 प्रतिशत अंक हासिल कर झारखंड में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। उनके पिता की छोटी किराने की दुकान है और कृष ने पढ़ाई के साथ-साथ दुकान की जिम्मेदारियाँ भी संभाली। उनकी मेहनत और अनुशासन ने उन्हें सफलता दिलाई।

रांची, संवाददाता। हरमू की गलियों से निकली एक संघर्षभरी कहानी ने पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बीच कृष कुमार बर्णवाल ने जैक 12वीं बोर्ड की कॉमर्स परीक्षा में 94.4 प्रतिशत (472 अंक) हासिल कर झारखंड में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। बाल कृष्ण प्लस टू हाई स्कूल के छात्र कृष की यह सफलता केवल अंकों की उपलब्धि नहीं, बल्कि अटूट हौसले की मिसाल है। उनके पिता नंद किशोर कुमार बर्णवाल हरमू में एक छोटी सी किराने की दुकान चलाते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति साधारण होने के कारण कृष अक्सर पढ़ाई के साथ-साथ दुकान की जिम्मेदारियां भी संभालते थे।
जब अन्य छात्र पूरी तरह परीक्षा की तैयारी में जुटे होते थे, तब कृष ग्राहकों को सामान देने के बाद देर रात तक किताबों में डूबे रहते थे। उन्होंने अपनी थकान को सपनों के आड़े नहीं आने दिया और प्रतिदिन छह से आठ घंटे की कड़ी मेहनत की।कृष ने ‘हिन्दुस्तान’ को बताया कि उन्होंने कठिन विषयों के लिए शिक्षकों का मार्गदर्शन लिया और दोस्तों के साथ ग्रुप स्टडी पर ध्यान केंद्रित किया। कहा, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनने का लक्ष्य है। कृष की इस सफलता पर उनके परिवार सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


