खूंटी : महिलाओं ने पेश की सशक्तिकरण की मिसाल
महिला दिवस के अवसर को महिला सशक्तिकरण का केंद्र बनाने के उद्देश्य से पिछले एक सप्ताह से चल रहे आइकोनिक सप्ताह का रविवार को समापन हो गया। इस दौरान...

खूंटी, संवाददाता।
महिला दिवस के अवसर को महिला सशक्तिकरण का केंद्र बनाने के उद्देश्य से पिछले एक सप्ताह से चल रहे आइकोनिक सप्ताह का रविवार को समापन हो गया। इस दौरान जिलेभर में प्रखंड से लेकर गांव तक के महिला संगठनों के द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महिलों को सशक्त एवं स्वावलंबी समाज निर्माण के लिए प्रेरित किया गया। जिले के सभी प्रखंडों में कुल 22 महिला संकुल संगठन ने अलग-अलग वार्षिक आम सभाओं का आयोजन किया।
सिलादोन में आयोजित कार्यक्रम में डीडीसी नीतीश सिंह ने सखी मंडल की दीदियों को प्रोत्साहित करने के क्रम में कहा कि आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को नींव बना कर उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हों।
कार्यक्रम के दौरान विगत वित्तीय वर्ष में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समूह और महिला ग्राम संगठनों को पुरस्कृत भी किया गया। आइकोनिक सप्ताह के दौरान आगे बढ़ने की आजादी के थीम पर 167 समूहों को 83 लाख 50 हजार रुपए की सामूहिक निवेश निधि प्रदत्त की गयी। सामाजिक बन्धनों से आजादी के थीम पर 65 महिला ग्राम संगठनों को 65 लाख रुपए की वीआरएफ राशि और गर्व से जीने की आजादी थीम पर 150 महिलाओं को फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान लाभ मुहैया कराया गया। दूसरी ओर कुपोषण से आजादी थीम के अंतर्गत महिला मंडलों के बीच पोषण वाटिका के बीज का वितरण भी किया गया। दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के अंतर्गत प्लेसमेंट पाने वाले किशोरियों को ऑफर लेटर प्रदान किया गया।
इस सप्ताह के दौरान लैंगिक समानता पर भी जोर देते हुए महिलाओं को आगे बढ़ने और सभी स्तर पर अपनी भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर रनिया महिला आजीविका संकुल संगठन में जेंडर शिविर का आयोजन कर महिलाओं को अपने हक व अधिकारों से अवगत कराया गया।
