Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsKhunti Police Launches Awareness Campaign Against Illegal Opium Cultivation and Drug Abuse
अफीम की खेती के दुष्परिणामों से लोगों को कराया गया अवगत

अफीम की खेती के दुष्परिणामों से लोगों को कराया गया अवगत

संक्षेप:

खूंटी जिले में अवैध अफीम की खेती और नशाखोरी के खिलाफ पुलिस ने जागरुकता अभियान चलाया। मुरहू और मारंगहादा थाना क्षेत्रों में ग्रामीणों को अफीम के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। पुलिस ने कानून पालन और वैकल्पिक आजीविका अपनाने की अपील की। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए।

Jan 04, 2026 07:40 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

खूंटी, संवाददाता। खूंटी जिले में अवैध अफीम की खेती और नशाखोरी के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए खूंटी पुलिस ने रविवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरुकता अभियान चलाया। इस क्रम में मुरहू एवं मारंगहादा थाना क्षेत्रों के ग्रामीणों को अफीम की खेती से होने वाले सामाजिक, कानूनी और पारिवारिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई और इसे पूरी तरह छोड़ने की अपील की गई। रविवार को मुरहू थाना अंतर्गत ग्राम गजगांव में पुलिस टीम ने ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से बताया कि अफीम की खेती कानूनन अपराध है और इसमें शामिल लोगों को कठोर सजा का प्रावधान है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

साथ ही उन्होंने कहा कि नशे का प्रभाव न केवल व्यक्ति को, बल्कि पूरे समाज और आने वाली पीढ़ी को नुकसान पहुंचाता है। ग्रामीणों से कानून का पालन करने और वैकल्पिक आजीविका के रास्ते अपनाने की अपील की गई। कातुद गांव में जागरुकता और खेल मैदान से संदेश: मारंगहादा थाना अंतर्गत कातुद गांव में भी पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी विकास कुमार जयसवाल ने ग्रामीणों को अफीम की अवैध खेती, नशाखोरी से दूर रहने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संदेश दिया। उन्होंने वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अनिवार्यता पर भी जोर दिया। कातुद मैदान में आयोजित फुटबॉल मैच के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए पुलिस ने अफीम उन्मूलन अभियान में सहयोग करने की अपील की। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत कंबल वितरित: अभियान के दौरान सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच कंबल का वितरण भी किया गया। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। मौके पर लांदुप पंचायत के मुखिया मंगा नाग, कातुद की वार्ड सदस्य, मारंगहादा थाना के सशस्त्र बल के जवान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।