जेआरएसयू में शोध और अनुसंधान को मिलेगी प्राथमिकता
झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय की वित्त समिति की आठवीं बैठक शुक्रवार को हुई, जिसमें आय-व्यय, बजट अनुमोदन, वित्तीय प्रबंधन और ऑडिट रिपोर्ट पर चर्चा की गई। आगामी वित्तीय वर्ष के लिए योजनाओं की रूपरेखा तैयार की गई और वित्तीय अनुशासन पर जोर दिया गया। बैठक में शिक्षण और अनुसंधान के लिए वित्तीय प्रावधानों को प्राथमिकता दी गई।

रांची, विशेष संवाददाता। झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय (जेआरएसयू) की वित्त समिति की आठवीं बैठक शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर में हुई। अध्यक्षता कुलपति राहुल कुमार पुरवार ने की। इसमें विवि के आय-व्यय विवरण, बजट अनुमोदन, वित्तीय प्रबंधन और लेखा परीक्षण (ऑडिट) रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष के लिए प्रस्तावित योजनाओं की रूपरेखा तैयार की गई और उनके क्रियान्वयन पर विमर्श हुआ। समिति ने विवि के संचालन में वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। बजट प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए शिक्षण और अनुसंधान कार्यों के लिए आवश्यक वित्तीय प्रावधानों को भी प्राथमिकता दी गई।
रजिस्ट्रार डॉ. हेमेंद्र कुमार भगत, गृह एवं आपदा प्रबंधन विभाग (झारखंड सरकार) के अतिरिक्त सचिव अनिल कुमार तिर्की (आईएएस), वित्त पदाधिकारी डॉ. अनीता मेहता, शोध एवं विकास प्रभारी डॉ. ससी कुमार जे और सहायक प्राध्यापक विकास कुमार अग्रवाल उपस्थित थे। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की उप निदेशक डॉ. विभा पांडेय विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में बैठक में शामिल हुईं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


