ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीझारखंड पुलिस का चेहरा बदलेगा, 10 हजार नियुक्तियों के लिए विज्ञापन जल्द

झारखंड पुलिस का चेहरा बदलेगा, 10 हजार नियुक्तियों के लिए विज्ञापन जल्द

झारखंड पुलिस का चेहरा जल्द बदलनेवाला है। जवानों और अधिकारियों की कमी से जूझ रहे पुलिस विभाग में जल्द ही नौकरियों की बौछार होनेवाली है। नई भर्तियों से झारखंड पुलिस को चाक-चौबंद बनाया जाएगा। सरकार...

झारखंड पुलिस का चेहरा बदलेगा, 10 हजार नियुक्तियों के लिए विज्ञापन जल्द
अजय शर्मा,रांचीMon, 24 Jul 2017 01:23 AM
ऐप पर पढ़ें

झारखंड पुलिस का चेहरा जल्द बदलनेवाला है। जवानों और अधिकारियों की कमी से जूझ रहे पुलिस विभाग में जल्द ही नौकरियों की बौछार होनेवाली है। नई भर्तियों से झारखंड पुलिस को चाक-चौबंद बनाया जाएगा।
सरकार कम-से-कम दस हजार पदों पर बहाली के लिए  विज्ञापन जारी करने जा रही है। रविवार को एडीजीपी आरके मल्लिक ने हिन्दुस्तान से बातचीत में कहा कि पुलिस विभाग में खाली पड़े
सभी तरह के पदों के लिए विज्ञापन दो माह में जारी कर दिए जाएंगे। बता दें कि हाल ही में सरकार ने दारोगा के तीन हजार पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है।
किन पदों पर होगी भर्ती : पुलिस जवान, दारोगा, चालक, कुक, धोबी, नाई, जलवाहक, अग्निशमन चालक, वायरलेस ऑपरेटर, जैप दारोगा और डीएसपी के पदों पर बहाली की जाएगी। पुलिस में एक हजार से अधिक चौथे दर्जे के कर्मचारियों की बहाली होगी। जिला बल के अलावा इंडिया रिजर्व बटालियन के लिए कम-से-कम छह हजार पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। अगले दो माह में इसके लिए विज्ञापन निकालने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
पुलिस विभाग में कहां कितने पद खाली
जिला बल: इसमें छह हजार जवानों की बहाली होगी। कर्मचारी चयन आयोग को  पुलिस मुख्यालय जल्द अनुशंसा भेजेगा।  
इंडिया रिजर्व बटालियन: झारखंड में आठ इंडिया रिजर्व बटालियन बनाए गए हैं। चार  में बहाली हो गई है। चार अन्य बटालियन के लिए छह हजार जवान भर्ती किए जाएंगे
विशिष्ट इंडिया रिजर्व बटालियन: तीन विशिष्ट इंडिया रिजर्व बटालियन का गठन होना है, जिसमें तीन हजार बहाली होगी।
डीएसपी : झारखंड में 70 डीएसपी के पद खाली हैं। जेपीएससी को खाली पद भरने की अनुशंसा पुलिस मुख्यालय करेगा।   
चालक, कुक और जलवाहक के पद: इनके डेढ़ हजार पद खाली हैं।  अग्निशमन विभाग में भी चालक के 300 पद खाली हैं।
विशेष शाखा में: विशेष शाखा में पुलिस के आठ सौ पद खाली हैं जिन्हें भरा जाएगा।
वायरलेस में: वायरलेस में ऑपरेटर और अन्य खाली पद भरने की अनुशंसा की गई है। करीब 800 की बहाली होगी।
जैप में दारोगा: 500 पद भरे जाएंगे।
झारखंड पुलिस एसोसिएशन खुश
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के महामंत्री अक्षय राम ने नई नियुक्तियों के लिए हो रही तैयारी पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि इस राज्य में जवान और जूनियर पुलिस अफसरों के खाली पदों को भरना जरूरी है। इससे आंतरिक सुरक्षा और मजबूत होगी। पुलिस की छवि भी बदलेगी। अनुसंधान भी तेजी से होगा। उग्रवाद पर नियंत्रण संभव होगा। ग्रामीण इलाकों में जवानों-अफसरों की भारी कमी है। इसका असर भी अभियान पर पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि दारोगा के करीब 17 सौ पद प्रोन्नति से भरे जाने हैं। उसे भी पूरा कर लिया जाना चाहिए। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें