ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड रांचीझारखंड में 14 लाख को देंगे सोलर चरखा से रोजगार: गिरिराज

झारखंड में 14 लाख को देंगे सोलर चरखा से रोजगार: गिरिराज

केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग राज्यमंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि झारखंड के 14 लाख लोगों को सोलर चरखा से रोजगार देंगे। उन्होंने कहा कि हर लोकसभा क्षेत्र में एक-एक लाख लोगों को सोलर चरखा के...

झारखंड में 14 लाख को देंगे सोलर चरखा से रोजगार: गिरिराज
हिन्दुस्तान टीम,रांचीFri, 24 Nov 2017 11:32 PM
ऐप पर पढ़ें

केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग राज्यमंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि झारखंड के 14 लाख लोगों को सोलर चरखा से रोजगार देंगे। उन्होंने कहा कि हर लोकसभा क्षेत्र में एक-एक लाख लोगों को सोलर चरखा के जरिए उद्यमी बनाया जाएगा। देश के दूसरे हिस्सों में भी इसे अपनाया जाएगा। केंद्रीय राज्यमंत्री रांची दौरे के क्रम में खादी बोर्ड मुख्यालय में संवाददाताओं से बात कर रहे थे। गिरिराज सिंह ने कहा कि हर साल देश के 800 गांवों को पूर्ण रोजगार युक्त बनाया जाएगा। यह काम खादी संस्थाओं के जरिए किया जाएगा। खादी के जरिए हर साल चार लाख रोजगार पैदा किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उनका विभाग लघु उद्योगों के विकास के लिए 2017-2022 का रोडमैप बना रहा है। इसके माध्यम से लोगों को रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि उनका विभाग पिछले साल से 10 करोड़ लोगों को रोजगार दे रहा है। ये लोग महीने में छह हजार से 10 हजार तक कमा रहे हैं।

विकास करना है तो आबादी बढ़ना रोकें

केंद्रीय राज्यमंत्री ने देश की बढ़ती जनसंख्या को विकास के लिए बाधा बताया। उन्होंने कहा कि अगर जनसंख्या रोकने की नीति जल्द नहीं बनाई गई तो देश तेज गति से विकास नहीं कर पाएगा। उन्होंने कहा कि हर साल तीन करोड़ लोग देश में पैदा हो रहे हैं। जो सीमित संसाधनों पर भारी पड़ रहे हैं। ऐसी स्थिति में भारत को विकसित बनाना मुश्किल होगा।

राजतंत्र लादना चाहती है कांग्रेस

गिरिराज सिंह ने देश पर राजतंत्र लादने की कोशिश करने का आरोप कांग्रेस पर लगाया। उन्होंने कहा कि इस पार्टी को खानदानी शासन की आदत पड़ गई है। एक चाय वाले का देश का प्रधानमंत्री बनना सोनिया और राहुल गांधी को बर्दाश्त नहीं हो रहा है। इस पार्टी के दामन जीप और टूजी घोटालों से दागदार हैं। हमें फख्र हैं कि हमारे प्रधानमंत्री ने चाय बेचा, कांग्रेसियों की तरह देश नहीं बेचा। हमारे नेता ने गरीबी भोगी है, गरीबों का दर्द जानते हैं। राहुल गांधी गरीबी को देखने के लिए जाते हैं।

लालू जी कांके का दर्शन करें

राजद प्रमुख लालू प्रसाद की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि लालू जी को बिहार की जनता पहचान चुकी है। इसलिए वे अब चारा घोटाले में हाजिरी लगाने आएं और कांके का दर्शन करके जाएं। उन्होंने शरद यादव को भी आड़े हाथों लिया। यशवंत सिन्हा और शत्रुघ्न सिन्हा को गिरिराज सिंह ने मर्यादा में रहने की नसीहत देते हुए पार्टी प्लेटफॉर्म पर ही बात रखने के लिए कहा।

दूसरे समुदाय पर भी बनाएं फिल्म

गिरिराज सिंह ने कहा कि पूरे देश को पद्मावती फिल्म का विरोध करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदू वीरांगनाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ये फिल्मकार कभी पीके और कभी दूसरी फिल्म बनाकर हिंदुओं का ही अपमान करते हैं। अगर इनमें हिम्मत है तो दूसरे समुदाय की भावनाओं के साथ भी छेड़छाड़ कर फिल्म बनाएं।केंद्रीय लघु उद्योग राज्यमंत्री ने खादी बोर्ड और खादी ग्रामोद्योग आयोग के अधिकारियों के साथ बैठक कर भावी योजनाओं पर चर्चा की। बैठक में खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ भी मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें