
वित्तरहित संस्थानों में दाखिला, पर पंजीयन की अनुमति नहीं
झारखंड के वित्तरहित संस्थानों में 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों का पंजीकरण अभी तक नहीं हो पाया है। लगभग 50 हजार छात्र परेशान हैं। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने अब तक सीट बढ़ोतरी पर कोई निर्णय नहीं लिया है, जिससे छात्रों में आक्रोश बढ़ रहा है। कई कॉलेजों में पंजीकरण रुका हुआ है।
रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। झारखंड के वित्तरहित संस्थानों में विद्यार्थियों का 11वीं कक्षा में नामांकन होने के बावजूद अब तक इन विद्यार्थियों के पंजीयन की अनुमति नहीं मिली है। ऐसी स्थिति में करीब 50 हजार विद्यार्थी परेशान हो रहे हैं। शैक्षणिक सत्र 2025-27 में करीब 40 वित्तरहित इंटर कॉलेजों में निर्धारित सीट से ज्यादा सीटों पर नामांकन लिया गया। संकायवार 128 सीटों पर नामांकन के अलावा कई संस्थानों में तीन से पांच गुना ज्यादा नामांकन ले लिया गया है। संस्थानों में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) से अनुमति मिलने की प्रत्याशा में दाखिला लिया। पंजीकरण की प्रक्रिया 18 दिसंबर से शुरू कर दी गई, लेकिन अब तक रजिस्ट्रेशन की अनुमति जैक की ओर से नहीं मिली है।
जैक ने अभी तक सीट बढ़ोतरी पर कोई निर्णय नहीं लिया है। सितंबर-अक्तूबर 2025 में ही जैक के पत्र पर और महाविद्यालय में सीट बढ़ोतरी के आग्रह पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जांच कर अपनी रिपोर्ट जैक को भेज दी है। बावजूद इसके जैक ने अब तक इस पर निर्णय नहीं लिया है। राज्य में 195 प्रश्वीकृत इंटर कॉलेज और 50 से ज्यादा स्थापना अनुमति प्राप्त इंटर कॉलेज हैं। इनमें करीब 40 संस्थानों में रजिस्ट्रेशन नहीं होने से विद्यार्थी प्रभावित हो रहे हैं। वित्तरहित शिक्षा संयुक्त संघर्ष मोर्चा के कुंदन कुमार सिंह, रघुनाथ सिंह, हरिहर प्रसाद कुशवाहा, फजलुल कादरी अहमद, चंदेश्वर पाठक, देवनाथ सिंह, नरोत्तम सिंह, अरविंद सिंह, मनीष कुमार, मनोज तिर्की और बिरसों उरांव ने कहा कि मामले पर मोर्चा अब चुप नहीं बैठेगा। छात्रों और अभिभावकों में आक्रोष वित्तरहित इंटर कॉलेजों में 11वीं में पढ़ने वाले वैसे छात्र जिनका रजिस्ट्रेशन नहीं हो पा रहा है, उनके अभिभावकों में आक्रोष है। वे संस्थान आ रहे हैं और रजिस्ट्रेशन नहीं होने पर हंगामा भी कर रहे हैं। वे तोड़फोड़ की भी धमकी दे रहे हैं। इससे किसी अप्रिय घटना होने की आशंका भी बढ़ रही है। विद्यार्थी जैक का भी चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनसे मिलने वाला कोई नहीं है। जैक को है सीट बढ़ाने का अधिकार इंटर कॉलेजों में सीट बढ़ोतरी का अधिकार जैक को है। जैक ने सीट बढ़ोतरी के एक मामले में उच्च न्यायालय में प्रति शपथ पत्र दिया है कि सीट बढ़ाने का अधिकार जैक को है। फिर भी कोई निर्णय नहीं हो रहा है। 25 से ज्यादा इंटर कॉलेज में पंजीयन रुका सूत्रों की मानें तो राज्य के महत्वपूर्ण कॉलेज उर्सुलाईन इंटर कॉलेज रांची, संत अन्ना इंटर कॉलेज रांची, संत जॉन इंटर कॉलेज रांची, इंटर साइंस कॉलेज हजारीबाग, जीएम इंटर कॉलेज हजारीबाग, किसान मजदूर इंटर कॉलेज बोकारो, बीएस इंटर कॉलेज पाटन पलामू, देवी महतो इंटर कॉलेज बोकारो जैसे 25 से ज्यादा इंटर कॉलेज में हजारों विद्यार्थियों का पंजीयन रुका हुआ है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




