डिजिटल हेल्थ सेवा के लिए एकीकृत डैशबोर्ड और कंट्रोल रूम होंगे स्थापित

Newswrap हिन्दुस्तान, रांची
share

रांची में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य झारखंड में डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम को सशक्त बनाना और सरकारी व निजी अस्पतालों को एबीडीएम प्लेटफॉर्म से जोड़ना है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन के लिए कई योजनाओं की जानकारी दी।

डिजिटल हेल्थ सेवा के लिए एकीकृत डैशबोर्ड और कंट्रोल रूम होंगे स्थापित

रांची, वरीय संवाददाता। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत राज्य स्तरीय कार्यशाला गुरुवार को चाणक्य बीएनआर होटल में हुई। इसका उद्देश्य झारखंड में डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम को सशक्त बनाना तथा सरकारी व निजी अस्पतालों को एबीडीएम प्लेटफॉर्म से जोड़ने की प्रक्रिया को तेज करना था। कार्यशाला में आयुष्मान भारत योजना के तहत राज्य में 66 लाख लाभुकों को मिल रहे लाभों की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि राज्य में डिजिटल हेल्थ सेवाओं के बेहतर संचालन के लिए एकीकृत डैशबोर्ड और कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। टेली-आईसीयू के माध्यम से रिम्स को हब बनाकर चार जिला अस्पतालों में सेवाएं शुरू हो चुकी हैं, जिसे जल्द ही सभी 24 जिलों तक विस्तारित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 299 करोड़ रुपये की लागत से शुरू इस योजना के तहत राज्य के सभी जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एचएमआईएस लागू किया जा चुका है। साथ ही, बीएसएनएल के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि सदर अस्पताल रांची में स्थापित टेली-रेडियोलॉजी हब से दूरस्थ क्षेत्रों में भी विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। देश भर में 96 लाख स्वास्थ्य रिकॉर्ड किए जा चुके लिंक: डॉ सुनील बर्नवालराष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ सुनील कुमार बर्नवाल ने डिजिटल हेल्थ को स्वास्थ्य प्रणाली में क्रांतिकारी बदलाव का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि देशभर में अब तक 96 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड लिंक किए जा चुके हैं और 87 करोड़ से अधिक आभा आईडी बनाई गई है। उन्होंने अस्पतालों से एबीडीएम इनेबल्ड एचएमआईएस अपनाने की अपील करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसे अस्पतालों को ही प्राथमिकता मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान बीएसएनएल और सीडैक के साथ महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। साथ ही ई-सुसरुत झारखंड मोबाइल ऐप, एबीडीएम झारखंड की आधिकारिक वेबसाइट और बीएसएनएल डिजिटल स्वास्थ्य सेतु ऐप का शुभारंभ किया गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।