Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsJharkhand Politics Heat Up Ruling Party and Opposition Clash Over Alliance Speculations
गठबंधन को लेकर चल रही अटकलों पर पक्ष-विपक्ष में रार

गठबंधन को लेकर चल रही अटकलों पर पक्ष-विपक्ष में रार

संक्षेप:

सत्ता पक्ष ने कहा- विपक्ष अफवाह फैलाकर पैदा करना चाहता है अस्थिरता, भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद बोले, अफवाहें फैलाने में कांग्रेस नेता आगे

Dec 05, 2025 07:43 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

रांची। हिन्दुस्तान ब्यूरो झारखंड की सियासत शुक्रवार को एक बार फिर गरमा गई, जब शीतकालीन सत्र के पहले दिन विधानसभा परिसर के बाहर सत्तापक्ष और विपक्ष के विधायकों ने गठबंधन को लेकर चल रही अटकलों-चर्चाओं पर एक-दूसरे पर निशाना साधा। सत्तारूढ़ कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायकों ने इन अटकलों के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि विपक्ष अफवाह फैलाकर अस्थिरता पैदा करना चाहता है। कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने कहा-यह सब भाजपा की साजिश है। वे प्रोपेगेंडा फैलाने में माहिर हैं। गठबंधन और सरकार पूरी मजबूती के साथ अपने एक-एक वादों को पूरा करते हुए सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

सर्वदलीय बैठक में भी हमारे सभी विधायक मौजूद थे और तय किया कि हम मिलकर विपक्ष का सामना करेंगे। कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह ने व्यंग करते हुए कहा भाजपा विधायक तो सरकार में शामिल होने के लिए शपथ लेने तक को तैयार बैठे हैं। उन्होंने व्यंग्य को आगे बढ़ाते हुए कहा-यदि मुख्यमंत्री दिल्ली में और थोड़ा रुक जाते, तो भाजपा विधायक अफवाहों को छोड़िए, शायद शपथ भी ले लेते। हजारीबाग से भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद ने सत्तापक्ष के आरोपों को उलटते हुए कहा कि अफवाहें फैलाने में कांग्रेस आगे है। कांग्रेस खुद असहज है, इसलिए ऐसी बातें फैला रही है। भाजपा और एनडीए पूरी तरह जनता के मुद्दे उठाने की तैयारी में हैं। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा विधायक नीरा यादव ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष सत्र में जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएगा। अफवाहों पर उन्होंने कहा, अब समय ही सबकुछ साफ करेगा। उल्लेखनीय है कि अफवाहों के बीच, बुधवार को कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि उनकी मुख्यमंत्री से बात हुई है। झारखंड में इंडिया गठबंधन चट्टान की तरह अटूट, पूरी तरह एकजुट और जन-केंद्रित कल्याणकारी नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है, जो झारखंड के हर नागरिक की आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित करता है। नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार ने विधानसभा परिसर में मीडिया के सवालों पर कहा कि अफवाहों पर प्रतिक्रिया देने की जरूरत नहीं है। किसी भी दल का कोई पदाधिकारी इस पर आधिकारिक बयान देता, तभी प्रतिक्रिया देना उचित होता।