राज्य सरकार के कार्यों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संदेश देंगे हेमंत
संक्षेप: केंद्रीय समिति घाटशिला उपचुनाव से लेकर बिहार चुनाव पर करेगी विमर्श, झामुमो केंद्रीय समिति की विस्तारित बैठक आज हरमू के सोहराई भवन में

रांची। हिन्दुस्तान ब्यूरो सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के 13वें महाधिवेशन में गठित केंद्रीय समिति की विस्तारित बैठक 15 अक्तूबर को हरमू के सोहराई भवन में होगी। पार्टी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बैठक का नेतृत्व करेंगे। बैठक में संगठनात्मक कार्यक्रमों को गति देने, घाटशिला उपचुनाव समेत बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी की भूमिका और सदस्यता अभियान पर चर्चा होगी। सभी जिला अध्यक्षों, सचिवों, महानगर अध्यक्षों और संयोजकों को बैठक में बुलाया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन संगठन को निचले स्तर तक सक्रिय करने और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश देंगे। बैठक के दौरान राजनीतिक परिस्थितियों पर गहन मंथन होगा।
बैठक में झारखंड की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर विचार-विमर्श होगा। घाटशिला विधानसभा उपचुनाव पर विशेष ध्यान रहेगा, जिसमें प्रत्याशी चयन और रणनीति पर मंथन होगा। इसके साथ ही बिहार विधानसभा चुनाव में झामुमो की भूमिका पर भी चर्चा होगी। पार्टी यह तय करेगी कि बिहार में महागठबंधन के साथ कितनी और किन सीटों पर सक्रियता दिखानी है। बिहार में झामुमो का सीमित, लेकिन रणनीतिक प्रभाव रहा है और हेमंत सोरेन इस मौके का लाभ उठाने की पूरी कोशिश करेंगे। गुरुजी को नमन कर संगठन को मजबूत करने का संकल्प यह पहला मौका होगा, जब पार्टी के संस्थापक संरक्षक दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन बैठक में नहीं होंगे। बैठक में दिशोम गुरु को नमन करने के साथ संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर जोर होगा। सदस्यता अभियान और संगठन विस्तार सदस्यता अभियान को गति देना बैठक का एक महत्वपूर्ण एजेंडा है। झामुमो का लक्ष्य ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में अपनी पैठ को और मजबूत करना है। हेमंत सोरेन कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे और संगठन को एकजुटता का संदेश देंगे। वे सरकार की उपलब्धियों, जैसे मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना समेत तमाम कल्याणकारी कार्यक्रमों व अन्य सुविधाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर देंगे। बैठक में कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक ले जाने का निर्देश दिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




