केंद्र सरकार बकाया 227.65 करोड़ तत्काल दे : डॉ. इरफान
केंद्र सरकार पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना का है बकाय, मंत्री डॉ इरफान अंसारी का केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को पत्र, कई बार पत्र लिखने के बावजूद अब

रांची। हिन्दुस्तान ब्यूरो झारखंड के खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना अन्तर्गत लंबित 2,27,65,65,128/- (दो अरब सताईस करोड़ पैंसठ लाख पैंसठ हजार एक सौ अठाईस रुपये) की राशि को तत्काल जारी करने की मांग की है। मंत्री अंसारी ने कहा कि अगर केंद्र सरकार जल्द ही इस दिशा में ठोस निर्णय नहीं लेती है तो वह स्वयं दिल्ली जाकर केंद्रीय मंत्री से मिलकर अपनी बात रखेंगे। झारखंड की जनता ने हमेशा केंद्र पर भरोसा किया है और इस भरोसे को टूटने नहीं दिया जा सकता।
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यह विभाग सीधे गरीब और आम जनता से जुड़ा हुआ है, लेकिन केंद्र सरकार की लगातार उदासीनता और सौतेले व्यवहार के कारण झारखंड के लाखों गरीब परिवारों को समय पर योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीलर कमीशन, परिवहन और हैंडलिंग चार्जेज का भुगतान महीनों से लंबित है, जिसके चलते प्रदेशभर में डीलरों और आपूर्ति कर्मियों में गहरा असंतोष है और आए दिन धरना-प्रदर्शन हो रहे हैं। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यह केवल वित्तीय अड़चन नहीं है, बल्कि झारखंड की खाद्य आपूर्ति व्यवस्था पर सीधा संकट है। अगर केंद्र सरकार ने तुरंत कदम नहीं उठाया तो राज्य में जन वितरण प्रणाली बाधित हो सकती है, जिससे करोड़ों गरीब परिवार प्रभावित होंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि केंद्र सरकार का यह नकारात्मक रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मुद्दे पर वे पहले भी कई बार केंद्रीय मंत्री को पत्र लिख चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




