विकास तभी सार्थक माना जाएगा जब वह सतत और समावेशी हो: सरयू
रांची में सत्येन्द्र नारायण सिन्हा एजुकेशनल ट्रस्ट ने एचवीएसी स्किलिंग और इंटर्नशिप सेंटर का उद्घाटन किया है। यह केंद्र इंजीनियरिंग, डिप्लोमा और आईटीआई के विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेगा। विधायक सरयू राय ने युवा आत्मनिर्भरता के लिए ऐसे केंद्रों की आवश्यकता पर जोर दिया।

रांची, विशेष संवाददाता। झारखंड के युवाओं को रोजगारपरक तकनीकी कौशल से लैस करने की दिशा में पहल के तहत सत्येन्द्र नारायण सिन्हा एजुकेशनल ट्रस्ट ने रांची के खूंटी रोड स्थित परिसर में अत्याधुनिक हीटिंग, वेंटिलेशन एवं एयर कंडीशनिंग (एचवीएसी) स्किलिंग एवं इंटर्नशिप सेंटर की शुरुआत की है। यह केंद्र इंजीनियरिंग, डिप्लोमा और आईटीआई के विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेगा, जिससे उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकेंगे। शनिवार को उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि विकास तभी सार्थक माना जाएगा जब वह सतत और समावेशी हो।
उन्होंने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार के लिए तैयार करने में ऐसे प्रशिक्षण केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। विशिष्ट अतिथि झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जेयूटी) के कुलपति प्रो डीके सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा के साथ स्किलिंग को जोड़ना आवश्यक हो गया है। उन्होंने बताया कि इंजीनियरिंग, डिप्लोमा एवं आईटीआई पाठ्यक्रमों में एक सेमेस्टर विशेष रूप से कौशल विकास और इंटर्नशिप के लिए निर्धारित किया गया है। ऐसे में यह केंद्र विद्यार्थियों के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण होगा। कुलपति ने कहा कि राज्य के अधिकाधिक तकनीकी संस्थानों को इस पहल से जोड़ा जाएगा, ताकि विद्यार्थी अपने अनिवार्य इंटर्नशिप व स्किलिंग कार्यक्रम को इस केंद्र के माध्यम से पूरा कर सकें।ट्रस्ट के अध्यक्ष सुबोध कुमार ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ग्रीन एनर्जी, ऑटोमेशन और डिजिटल टेक्नोलॉजी जैसे उभरते क्षेत्रों में प्रशिक्षित मानव संसाधन की मांग तेजी से बढ़ रही है। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए युवाओं को उद्योग आधारित प्रशिक्षण और व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ना समय की मांग है। भारतीय ग्रामीण विकास टोली के सदस्य सिद्धनाथ ने युवाओं से बदलती तकनीकी और औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


