
झारखंड कैडर के आईएएस अबु इमरान केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे
संक्षेप: झारखंड के आईएएस अबु इमरान ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए आवेदन दिया है। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और गृह मंत्रालय में जाने की इच्छा व्यक्त की है। उनकी पहली पोस्टिंग 2011 में हुई थी, और अब वह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत हैं। झारखंड में लगभग 14 आईएएस केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं।
रांची। हिन्दुस्तान ब्यूरो झारखंड कैडर के आईएएस अबु इमरान भी अब केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से कार्मिक विभाग के प्रधान सचिव को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के लिए आवेदन समर्पित करते हुए अनुमति मांगी है। स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला ने अबु इमरान के आवेदन को कार्मिक विभाग के सचिव को अग्रसारित कर दिया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि अबु इमरान, भाप्रसे, प्रबंध निदेशक, झारखंड मेडिकल एंड हेल्थ इनफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एंड प्रोक्योरमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड, रांची के द्वारा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए विभाग को आवेदन दिया है। उनकी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाए।

स्वास्थ्य, शिक्षा या गृह मंत्रालय में जाने की इच्छा झारखंड कैडर के आईएएस अबु इमरान झारखंड के निवासी हैं। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए दिए गए अपने आवेदन में उन्होंने अपना पसंदीदा मंत्रालय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, शिक्षा एवं गृह बताया है। बता दें कि उन्होंने 2011 में ज्वाईन किया था। ट्रेनिंग के बाद उनकी पहली पोस्टिंग असिस्टेंट कलेक्टर एवं एडीएम दुमका, एसडीओ, लातेहार, डीसी, रामगढ़, ज्वाइंट सेक्रेटरी, गृह कारा विभाग, रांची, डायरेक्टर, सोशल वेलफेयर, डायरेक्टर, हायर एजुकेशन, सेक्रेटरी, बोर्ड ऑफ रेवेन्यु, डीसी, लातेहार, डिप्टी सेक्रेटरी, लैंड रेवेन्यु एंड डीसी, चतरा रहने के बाद मार्च 2024 से वह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं स्वास्थ्य विभाग के तहत कार्यरत हैं। इस दौरान वह जेएमएचआईडीपीसीएल का एमडी रहते हुए एमडी, एनएचएम, एक्सक्युटिव डायरेक्टर, जसास के साथ साथ प्रोजेक्ट डायरेक्टर जेसेक्स की जिम्मेवारी जून 2025 तक संभाली है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं कई आईएएस झारखंड कैडर के लगभग 14 आईएएस फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। जिनमें चीफ सेक्रेट्री रैंक के अफसर शैलेश कुमार सिंह, निधि खरे और सत्येंद्र सिंह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। वहीं, प्रधान सचिव रैंक के सुनील वर्णवाल, राहुल शर्मा, केके सोन, हिमानी पांडेय और अराधना पटनायक एवं सचिव रैंक के मुत्थु कुमार और हर्ष मंगला भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। इसके अलावा राय महिमापत रे, शांतनु अग्रहरि, भुवनेश प्रताप सिंह और दिव्यांशु झा भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




