Ranchi News: लापता बच्ची मामले में नार्को की जगह आरोपी का हुआ सस्पेक्ट डिटेक्शन टेस्ट
Ranchi News: झारखंड हाईकोर्ट में 2018 से गुमला की लापता छह वर्षीय बच्ची की बरामदगी से जुड़ी याचिका पर सुनवाई हुई। सरकार ने बताया कि मुख्य आरोपी भूखली लकड़ा का स्वास्थ्य कारणों से नार्को टेस्ट नहीं हुआ, लेकिन पूरक जांच में वह संदिग्ध पाई गई। याचिकाकर्ता ने पूर्व जांच में लापरवाही और बच्ची की तलाश की प्रगति रिपोर्ट न दिए जाने पर सवाल उठाए। अदालत ने जवाब मांगा।

Ranchi News: रांची, संवाददाता। हाईकोर्ट के जस्टिस एसएन प्रसाद और जस्टिस एके राय की खंडपीठ में गुमला से वर्ष 2018 से गुमशुदा 6 वर्षीय बच्ची की बरामदगी को लेकर दायर याचिका पर मंगलवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने अदालत को अवगत कराया कि मुख्य आरोपी भूखली लकड़ा का स्वास्थ्य कारणों से गुजरात के गांधीनगर में नार्को टेस्ट नहीं हो सका था। हालांकि, वहां उसके सस्पेक्ट डिटेक्शन टेस्ट सहित दो पूरक टेस्ट कराए गए, जिसमें वह संदिग्ध पाई गई है। दूसरी ओर, प्रार्थी के अधिवक्ता ने कोर्ट को बताया कि सरकार ने अपने शपथ पत्र में वर्ष 2018 से 2022 के दौरान पदस्थापित तत्कालीन एसपी और अनुसंधानकर्ता को क्लीन चिट दे दी है, जबकि उस समय न तो समय पर मामला दर्ज हुआ और न ही सही ढंग से अनुसंधान किया गया।
साथ ही, बच्ची की तलाश की वर्तमान प्रगति रिपोर्ट भी अदालत में प्रस्तुत नहीं की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने प्रार्थी को राज्य सरकार के शपथ पत्र पर प्रतिउत्तर दाखिल करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, कोर्ट ने सरकार से जवाब मांगा है कि क्या पूर्व में लड़की के लापता रहने के दौरान अनुसंधान की पीरियोडिकल रिपोर्ट डालसा गुमला को भेजी गई थी या नहीं।


