Ranchi News: जेपीएससी की नियुक्ति परीक्षाएं रद्द करने पर हाईकोर्ट का फैसला सुरक्षित
Ranchi News: झारखंड हाईकोर्ट ने जेपीएससी की 11वीं-13वीं सिविल सेवा, सीडीपीओ और फूड सेफ्टी अफसर परीक्षाओं से जुड़ी नियुक्तियां रद्द करने के सरकारी आदेश को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर फैसला सुरक्षित रख लिया है। अदालत ने पक्षकारों से लिखित दलीलें मांगी हैं। सरकार ने जांच की सीलबंद रिपोर्ट पेश की। सुनवाई में परीक्षा एजेंसी पर पैसे लेकर अभ्यर्थियों को सफल कराने के आरोप भी लगाए गए।

Ranchi News: रांची, विशेष संवाददाता। झारखंड हाईकोर्ट ने जेपीएससी की 11वीं-13वीं सिविल सेवा परीक्षा, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) और फूड सेफ्टी अफसर की नियुक्ति रद्द करने के राज्य सरकार के आदेश को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई पूरी करने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है। जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने प्रार्थियों और राज्य सरकार को संक्षिप्त लिखित पक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। सरकार की ओर से सोमवार को अदालत में अब तक की जांच की सीलबंद रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। सुनवाई के दौरान हस्तक्षेरपकर्ताओं की ओर से अदालत को बताया गया कि 11वीं-13वीं सिविल सेवा परीक्षा और सीडीपीओ परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी टीडीपीएल ने कथित तौर पर 50-50 लाख रुपये लेकर कई अभ्यर्थियों को परीक्षा में सफल कराया।
इस मामले की पिछली सुनवाई में जेपीएससी की ओर से कहा गया था कि परीक्षाओं में व्यवस्थित तरीके से अनियमितताएं हुई हैं। अनुसंधान में यह स्पष्ट हुआ है कि परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित हुई थी। नियुक्ति प्रक्रिया में यह पता लगाना मुश्किल है कि सफल अभ्यर्थियों में कौन दोषी है और कौन निर्दोष।

