अग्रिम जमानत के बाद भी युवक हिरासत में, एसएसपी और दो थाना प्रभारी तलब

Jan 13, 2026 09:10 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

झारखंड उच्च न्यायालय ने भाजपा नेता अनिल टाइगर हत्याकांड में अग्रिम जमानत मिलने के बावजूद एक युवक को अगवा कर अवैध हिरासत में रखने के मामले में कड़ा रुख अपनाया है। कोर्ट ने रांची के एसएसपी और थाना प्रभारी को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया कि बिना वारंट के उनके पुत्र को उठाया गया।

अग्रिम जमानत के बाद भी युवक हिरासत में, एसएसपी और दो थाना प्रभारी तलब

रांची, संवाददाता। भाजपा नेता अनिल टाइगर हत्याकांड में अग्रिम जमानत मिलने के बावजूद एक युवक को कथित रूप से अगवा कर अवैध रूप से हिरासत में रखने के मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। जस्टिस आर मुखोपाध्याय और जस्टिस प्रदीप श्रीवास्तव की खंडपीठ ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए रांची के एसएसपी, खूंटी थाना प्रभारी और कांके थाना प्रभारी को 14 जनवरी को दोपहर ढाई बजे तीनों को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का आदेश दिया है। यह मामला दमोदर नाथ शाहदेव द्वारा दायर रिट याचिका से जुड़ा है। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया कि उनके पुत्र देवब्रत नाथ शाहदेव को कांके थाना कांड संख्या 90/2025 में अग्रिम जमानत मिलने और जमानत बांड भरने के बावजूद बिना किसी वारंट और कारण के पुलिस ने घर से उठा लिया और अवैध रूप से हिरासत में रखा।

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से बताया गया कि देवब्रत नाथ शाहदेव को 12 जनवरी की रात 11:05 बजे रिहा कर उनके परिचित अमित सिन्हा की सुपुर्दगी में दिया गया। इसके समर्थन में कांके थाना प्रभारी ने पीआर बॉन्ड भी प्रस्तुत किया। हालांकि, कोर्ट के समक्ष उस समय नया मोड़ आया जब याचिकाकर्ता के वरिष्ठ अधिवक्ता ने अमित सिन्हा से फोन पर बात की। स्पीकर पर हुई बातचीत में अमित सिन्हा ने बताया कि देवब्रत को 13 जनवरी की रात 2 बजे कांके थाना से खूंटी थाना ले जाया गया है, जहां वह पुलिस हिरासत में है। आरोप लगाया गया कि उनसे जबरन पीआर बॉन्ड पर हस्ताक्षर कराए गए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।